नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की आगामी भारत यात्रा से पहले देश की मुख्य विपक्षी पार्टी नेपाली कांग्रेस ने सरकार को अहम नसीहत दी है। पार्टी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया है कि भारत के साथ बातचीत और समझौतों के दौरान नेपाल के राष्ट्रीय हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। पार्टी का कहना है कि इससे न केवल यह यात्रा सफल और सार्थक होगी,बल्कि दोनों देशों के संबंधों को भी नई मजबूती मिलेगी।
नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह और पीएम मोदी (फाइल फोटो)
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दो दिवसीय आधिकारिक भारत यात्रा पर रवाना होंगे। 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा होगी। इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका गए थे।
नेपाली कांग्रेस ने जारी किया बयान?
नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्व प्रकाश शर्मा ने इस बारे में एक बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की भारत यात्रा का उद्देश्य नेपाल के हितों को आगे बढ़ाना और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करना होना चाहिए। 275 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 38 सीटों वाली नेपाली कांग्रेस ने बताया कि उसने भारत के साथ द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर सरकार को रचनात्मक सुझाव देने के लिए विषय विशेषज्ञों के साथ आंतरिक चर्चा की है।
इस चर्चा में जलवायु परिवर्तन,हवाई संपर्क,पर्यटन,व्यापार,ऊर्जा,खेल,उद्यमिता और सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दे शामिल रहे। इसके अलावा सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की समस्याओं और भारत में काम करने वाले नेपाली श्रमिकों के सामने आने वाली चुनौतियों पर भी विचार किया गया। पार्टी ने अपने बयान में कहा कि नेपाल-भारत संबंध आपसी सम्मान, संप्रभु समानता और राष्ट्रीय हित पर आधारित होने चाहिए।
भारत के साथ लंबित मुद्दों को सुलझाने पर जोर
नेपाली कांग्रेस का मानना है कि प्रधानमंत्री बालेन शाह की भारत यात्रा के दौरान राष्ट्रीय हित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा और साझा सहमति बननी चाहिए। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर नेपाल की स्थिति मजबूत करने में मदद मिलेगी। पार्टी ने कहा कि वह नेपाल के हितों की रक्षा करने के साथ भारत जैसे मित्र पड़ोसी देश के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। नेपाली कांग्रेस ने इस यात्रा के दौरान पुराने वादों को पूरा करने,लंबे समय से लंबित मुद्दों को सुलझाने और आपसी लाभ पर आधारित दीर्घकालिक सहयोग की नींव रखने पर जोर दिया है।
राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे बालेंद्र शाह
भारत यात्रा के दौरान नेपाली प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी शाह से शिष्टाचार भेंट करेंगे। नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को विदेश मंत्रालय में मीडिया को यात्रा की जानकारी देते हुए इन बैठकों की पुष्टि की।
जेन जी आंदोलन के बाद बदली नेपाल की सियासत
बता दें कि नेपाल में पिछले साल सितंबर में हुए जेन जी आंदोलन के बाद राजनीतिक परिस्थितियों में बड़ा बदलाव आया था। युवा प्रदर्शनकारियों के आंदोलन के चलते तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की सरकार गिर गई थी। इसके करीब छह महीने बाद मार्च में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बालेंद्र शाह के नेतृत्व में नई सरकार बनी। सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालेंद्र शाह को भारत आने का निमंत्रण दिया था।
अब उनकी इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जहां भारत और नेपाल के बीच व्यापार, ऊर्जा, पर्यटन और सीमा प्रबंधन जैसे मुद्दे अहम हैं,वहीं नेपाली कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी द्विपक्षीय समझौते में नेपाल के राष्ट्रीय हितों और संप्रभु समानता को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।
