म्यांमार में लंबे समय से जारी गृहयुद्ध के बीच वहां के पश्चिमी रखाइन राज्य में सोमवार को एक बाजार के पास सैन्य हवाई हमले में कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई, वहीं 36 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। ये हमला उस इलाके में हुआ,जो विद्रोही संगठन अराकान आर्मी (AA) के नियंत्रण में है।
म्यांमार सेना ने बाजार पर किया हवाई हमला (सांकेतिक तस्वीर)
अराकान आर्मी ने बताया कि क्यौक्टॉ टाउनशिप में दोपहर के करीब एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। इस हमले में बाजार में मौजूद दुकानदारों, खरीदारी करने आए लोगों और राहगीरों की मौत हुई। संगठन ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
रखाइन के वरिष्ठ राहत अधिकारी वाई हुन आंग ने भी घटनास्थल पर मौजूद बचावकर्मियों के हवाले से 33 लोगों की मौत और 36 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जहां हमला हुआ वह क्षेत्र का प्रमुख थोक बाजार था,जहां राज्य के अलग-अलग हिस्सों से व्यापारी और ग्राहक पहुंचते थे। हालांकि अभी तक म्यांमार की सेना की तरफ से इस हमले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सेना पहले यह कहती रही है कि उसके हवाई हमले केवल वैध सैन्य ठिकानों को निशाना बनाकर किए जाते हैं।
2023 से रखाइन में तेज हुई लड़ाई
बता दें कि अराकान आर्मी रखाइन के जातीय अल्पसंख्यक समुदाय के लिए स्वायत्तता की मांग करने वाला एक शक्तिशाली सशस्त्र संगठन है। नवंबर 2023 में उसने रखाइन में सेना के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया था। इसके बाद संगठन ने राज्य के 17 में से 14 टाउनशिप पर नियंत्रण हासिल करने का दावा किया है। उसने एक रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रीय सैन्य मुख्यालय पर भी कब्जा किया है।
दिसंबर में अस्पताल पर भी हुआ था हमला
इससे पहले, रखाइन में इससे पहले दिसंबर में म्रौक-यू टाउनशिप के एक अस्पताल पर सैन्य हवाई हमला हुआ था। उस हमले में कम से कम 34 लोगों की मौत और करीब 80 लोग घायल हुए थे। म्यांमार में 1 फरवरी 2021 को सेना द्वारा निर्वाचित सरकार से सत्ता अपने हाथ में लेने के बाद से देश में लगातार संघर्ष जारी है। सैन्य कार्रवाई के खिलाफ शुरू हुए व्यापक विरोध के बाद कई लोकतंत्र समर्थक समूहों ने हथियार उठा लिए, जिसके चलते देश के बड़े हिस्से में सशस्त्र संघर्ष फैल गया।
