Nepal Flash Flood: नेपाल-तिब्बत सीमा पर बुधवार को भोटेकोशी नदी में आई अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) ने भारी तबाही मचाई है। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने गुरुवार को जानकारी दी कि इस भयावह आपदा में लगभग 300 भारतीय पर्यटकों सहित हजारों लोग लापता हैं। त्रासदी में अब तक 162 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। राहत और बचाव का कार्य लगातार जारी है। विदेश मंत्री खनाल ने स्थिति की गंभीरता पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हजारों परिवारों ने अपने घर खो दिए हैं और आपदा के पूर्ण प्रभाव का आकलन करने का प्रयास किया जा रहा है।
नेपाल बाढ़ से भारी तबाही
हिमस्खलन के कारण आई विनाशकारी बाढ़
नेपाल पुलिस के अनुसार, भोटेकोशी नदी की सहायक नदी 'लेंडे' का प्रवाह हिमस्खलन के कारण बाधित हो गया था। इसके बाद पानी का बहाव तेजी से बढ़ा और बाढ़ ने सबसे पहले रसूवागढ़ी स्थित चीन सीमा के पास 'तिमुरी' क्षेत्र में तबाही मचाई। बाढ़ ने नेपाल के तीन जिलों में भीषण तबाही फैलाई है।
मानसरोवर यात्रियों पर भी असर
इससे पहले बुधवार को प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार, लापता लोगों में कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए कम से कम 50 भारतीय तीर्थयात्री भी शामिल थे। राहत और बचाव कार्य तेज हो गया है और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए भारतीय दूतावास (काठमांडू व बीजिंग) और नेपाल पर्यटन बोर्ड ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास: +977 985 131 6807, +977 970 910 7500
- बीजिंग स्थित भारतीय दूतावास (व्हाट्सएप): 0086 185 1428 4905
- नेपाल पर्यटन बोर्ड (टोल-फ्री व हॉटलाइन): 1234 (टोल-फ्री), 1144 (हॉटलाइन)
- टूरिस्ट पुलिस (नेपाल): 9851289445
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि वह प्रभावित भारतीय नागरिकों के जल्द से जल्द रेस्क्यू और राहत के लिए नेपाल सरकार के संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है। बचाव अभियानों को और मजबूत किया जा रहा है।
बाढ़ ने मचाई भारी तबाही
नेपाल और चीन की सीमा से लगे हिमालयी क्षेत्र में कल यानी बुधवार 26 अगस्त को आई बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। इस फ्लैश फ्लड ने अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को तबाह कर दिया और अपने साथ बहा ले गया। नेपाल में अब तक 157 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि चीन के तिब्बत क्षेत्र में कम से कम तीन लोगों की मौत और 558 लोगों के लापता होने की खबर है। इस तरह दोनों देशों में मृतकों की संख्या कम से कम 160 तक पहुंच गई है। राहत और बचाव अभियान के बीच लापता लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
नेपाल में 157 शव बरामद
नेपाल पुलिस के अनुसार, बाढ़ प्रभावित अलग-अलग जिलों से 157 शव मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा 64 शव चितवन से बरामद हुए हैं। इसके अलावा धादिंग में 27, नवलपरासी ईस्ट में 22, गोरखा में 19, नुवाकोट में 13, तनहूं में 9 और रसुवा में 3 शव मिले हैं। बाढ़ और मलबे ने कई इलाकों में सड़क, पुल और अन्य इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी नुकसान पहुंचाया है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हालात के बीच भी जारी है।
