China Cargo Ship Fire: चीन के बंदरगाह पर खड़े एक कार्गो शिप में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
कार्गो शिप में लगी भीषण आग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
कहां हुआ हादसा?
यह हादसा पूर्वोत्तर चीनी तट के एक प्रमुख शिपिंग हब 'किंगदाओ' बंदरगाह पर स्थित 'बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी' में हुआ, जहां जहाज मरम्मत के लिए खड़ा था। 'वेसलफाइंडर' ट्रैकिंग वेबसाइट के मुताबिक, इस जहाज की पहचान लाइबेरियाई ध्वज वाले 'ओशियन मेलोडी' (Ocean Melody) के रूप में हुई है।
कार्गो शिप में कितने लोग थे सवार?
समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, शिप पर कुल 41 लोग सवार थे और उनमें से 12 को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया, जबकि पांच घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय समयानुसार, आग गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लगी और दोपहर ढाई बजे तक इस पर काबू पा लिया गया।
लापता लोगों की तलाश में जुटे बचाव कर्मी
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने लापता लोगों को तुरंत खोजने और बचान अभियान चलाने के निर्देश जारी किए। प्रधानमंत्री ली कियांग ने फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का आह्वान किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अंतरिक्ष में इंटरनेट जैसा डेटाबेस उपलब्ध नहीं', भारतवंशी सुनीता विलियम्स ने बताई स्पेस स्टेशन में क्या होती है चुनौती
जिस बेइहाई शिपबिल्डिंग कंपनी के परिसर में यह हादसा हुआ, वह चीन की सरकारी नियंत्रण वाली चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉर्पोरेशन (CSSC) का हिस्सा है। सीएसएससी को दुनिया की सबसे बड़ी जहाज निर्माण कंपनियों में से एक माना जाता है। बेइहाई शिपबिल्डिंग की वेबसाइट के मुताबिक, कंपनी का मुख्य कारोबार जहाजों के निर्माण और उनकी मरम्मत से जुड़ा है।
