विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों तेल अवीव में हैं। यहां उन्होंने अपने इजराइली समकक्ष गिदोन सार के साथ आतंकवाद के खिलाफ साझा संघर्ष और द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की। वार्ता के बाद उन्होंने सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। विदेश मंत्री जयशंकर ने कहा कि भारत और इजराइल दोनों ही आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बॉन्डी बीच पर हनुक्का उत्सव के दौरान हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विदेश मंत्री जयशंकर और इजरायल के विदेश मंत्री गिदोन सार। फोटो- pti
बॉन्डी बीच हमले की कड़ी निंदा
जयशंकर ने कहा कि सिडनी के बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में जानमाल के नुकसान से भारत गहरा दुखी है। उन्होंने कहा कि हम इस नृशंस हमले की कड़ी निंदा करते हैं। बता दें कि इस हमले में 15लोगों की मौत हुई थी,जबकि 40 से अधिक लोग घायल हुए थे।
तेल अवीव पहुंचकर की इजराइली समकक्ष से बातचीत
दो दिवसीय इजराइल यात्रा पर मंगलवार को तेल अवीव पहुंचे जयशंकर ने अपने इजराइली समकक्ष गिदोन सार के साथ संयुक्त प्रेस में कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में इजराइल के समर्थन के लिए आभारी है। उन्होंने कहा कि भारत और इजराइल,दोनों देश आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं।
रणनीतिक साझेदारी पर जोर
जयशंकर ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत-इजराइल की रणनीतिक साझेदारी काफी मजबूत हुई है। उन्होंने दोनों देशों को परस्पर साझेदार बताते हुए कहा कि इस सहयोग से अधिकतम लाभ उठाया जाना चाहिए। विदेश मंत्री ने गाजा शांति योजना के लिए भारत के समर्थन को दोहराया और उम्मीद जताई कि इससे स्थायी व टिकाऊ समाधान की दिशा में प्रगति होगी।
राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग और प्रधानमंत्री नेतन्याहू से भी मुलाकात करेंगे जयशंकर
इजराइल प्रवास के दौरान जयशंकर के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग और प्रधानमंत्री नेतन्याहू से भी मुलाकात करने का कार्यक्रम है। सूत्रों के अनुसार, इन बैठकों में द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा होगी।नेतन्याहू की भारत यात्रा प्रस्तावित
बता दें कि जयशंकर की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है,जब इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियां चल रही हैं। हाल ही में नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद जल्द मुलाकात की बात कही थी।व्यापार,रक्षा और निवेश में सहयोग तेज
हाल के महीनों में दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) और रक्षा सहयोग से जुड़े अहम समझौते हुए हैं। रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उन्नत प्रौद्योगिकी साझा करने पर भी सहमति बनी है। भारत और इजराइल के बीच सांस्कृतिक व शैक्षणिक सहयोग भी बढ़ा है। सोमवार को आईसीसीआर और तेल अवीव विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए,जिसके तहत विश्वविद्यालय में ‘भारत पीठ’की स्थापना की जाएगी।
