G7 Foreign Ministers Meeting: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात की। जयशंकर ने इस मुलाकात को एक 'सम्मान' करार दिया और पीएम नरेंद्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं भी दीं।
फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों से मिले जयशंकर (फोटो साभार: @DrSJaishankar)
जयशंकर ने मैक्रों से की चर्चा
जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बीती रात को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मिलना मेरे लिए एक सम्मान की बात थी। मैंने पीएम मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं। हमारी चर्चा और उनके विचार बेहद मूल्यवान हैं।''
सऊदी के विदेश मंत्री से भी मिले जयशंकर
सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान ने भी जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक से इतर जयशंकर से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के साथ-साथ आपसी हित के मुद्दों पर भी चर्चा की। इस बैठक में फ्रांस में सऊदी अरब के राजदूत फहद अल-रुवैली और विदेश मंत्री के कार्यालय के महानिदेशक, वलीद अल-इस्माइल भी मौजूद रहे।
एक्स पर एक अलग पोस्ट में, जयशंकर ने बताया कि उन्होंने पेरिस में स्थित स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र का भी दौरा किया। उन्होंने वहां भारतीय कला और आध्यात्मिक विरासत की प्रभावशाली झलकियां देखने की बात कही और विश्वास जताया कि यह केंद्र पेरिस में भारतीय संस्कृति के प्रति रुचि बढ़ाने का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।
क्या G7 का हिस्सा है भारत?
सनद रहे कि भारत जी7 का सदस्य नहीं है, लेकिन इसके वर्तमान अध्यक्ष फ्रांस ने उसे भागीदार देश के रूप में आमंत्रित किया है। फ्रांस ने भारत के अलावा सऊदी अरब, दक्षिण कोरिया और ब्राजील को अब्बे डेस-वॉक्स-डे-सेर्ने में जी7 विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।
