Israel attacks Syria Airbase: इजराइल ने मंगलवार तड़के सीरिया के उत्तरपश्चिम में स्थित एक एयरबेस पर हवाई हमले किए। इजराइल का कहना है कि तुर्किये के सैनिकों की एयरबेस पर तैनाती रोकने के लिए उसने ये हमला किया। सीरिया की नई सरकार को तुर्किये को समर्थन प्राप्त है और अंकारा सैन्य रूप से अहमद अल सारा की मदद करता आया है। जबकि तुर्किये का इजराइल के साथ तनावपूर्ण संबंध हैं। दोनों विरोधी देश सीरिया में एक-दूसरे का प्रभाव कम करने में लगे हैं।
सीरिया में एयरबेस पर इजराइल के हवाई हमले।
नेतन्याहू का आरोप-समझौते का उल्लंघन कर रहा था सीरिया
ताजा घटनाक्रम पर इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा कि सुरक्षा मामलों पर इजराइल और सीरिया यथास्थिति बनाए रखने पर सहमत हुए थे लेकिन अलेप्पो के पास अपने एक एयरबेस पर तुर्किये की सैनिकों की तैनाती की इजाजत देकर दमिश्क इस समझौते का उल्लंघन करने वाला था। नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल ने सीरिया को बार-बार आगाह किया था कि इस तरह की सैन्य तैनाती से उसकी सुरक्षा को खतरा पैदा होगा।
रनवे पर आठ हवाई हमले किए गए
रिपोर्टों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी प्रांत इदलिब में अबू दुहूर एयरबेस के रनवे पर आठ हवाई हमले किए गए। सरकारी टीवी के मुताबिक, हमलों से एयरबेस को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सीरिया के विदेश मंत्री असद अल-शैबानी ने दमिश्क में पत्रकारों से कहा कि सीरिया 'इजराइली आक्रामकता' की निंदा करता है। उन्होंने हमलों को 'अनुचित उकसावे, सीरिया की संप्रभुता का उल्लंघन और क्षेत्रीय तथा वैश्विक स्थिरता के लिए सीधा खतरा' बताया।
'तुर्किये इस एयरबेस का पुनर्वास कर रहा था'
तुर्किये के विदेश मंत्रालय ने भी हमले की निंदा की। उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से 'सीरिया के खिलाफ इजराइल की बढ़ती आक्रामकता को रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानून की अनदेखी करने वाली इन कार्रवाइयों के लिए जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए अधिक निर्णायक रुख अपनाने की अपील की। ब्रिटेन स्थित सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि कुछ विदेशी लड़ाके पहले इस एयरबेस पर रहते थे, लेकिन हाल ही में उन्हें वहां से जाने के लिए कहा गया था। ऑब्जर्वेटरी के मुताबिक, सीरिया की सरकार के प्रमुख समर्थकों में शामिल तुर्किये इस एयरबेस का पुनर्वास कर रहा था। यह एयरबेस सीरिया के लंबे गृहयुद्ध के दौरान कई वर्षों से इस्तेमाल से बाहर था। इस संघर्ष में करीब 5 लाख लोगों की मौत हुई है।
तनाव पर अमेरिका ने दी प्रतिक्रिया
तुर्की में अमेरिका के राजदूत और सीरिया के विशेष दूत टॉम बैरक ने एक्स पर कहा कि वाशिंगटन अबू दुहूर एयरबेस पर हुए 'पुष्ट इजरायली हवाई हमलों' को लेकर 'गहरी चिंता' में है। उन्होंने कहा कि ये हमले 'अनावश्यक तनाव बढ़ाने वाले हैं और क्षेत्रीय स्थिरता को आगे नहीं बढ़ाते।' बैरक ने कहा कि सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा की सरकार ने न तो 'आक्रामक रुख' अपनाया है और न ही 'प्रॉक्सी बलों को बनाए रखा है।' इसके बजाय, उसने इजराइल के साथ तनाव कम करने की इच्छा बार-बार जाहिर की है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका पहले भी दोनों पक्षों के बीच कूटनीति को बढ़ावा देने के लिए वार्ताओं की मेजबानी कर चुका है और भविष्य में भी ऐसा करता रहेगा।
