इजरायली वायु सेना (IAF) ने ईरान की राजधानी तेहरान के मेहराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बड़ा हमला करते हुए उस विमान को नष्ट करने का दावा किया है जिसका इस्तेमाल ईरानी नेतृत्व द्वारा किया जाता था। इजरायल के मुताबिक यह विमान ईरान के शीर्ष नेतृत्व और सैन्य अधिकारियों के लिए रणनीतिक और लॉजिस्टिक तौर पर बेहद महत्वपूर्ण था।
इजरायली वायु सेना द्वारा जारी की गई सैटेलाइट इमेज (फोटो: X/@IAFsite)
इजरायली वायु सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए कहा कि उसने “तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट पर ईरानी आतंकवादी शासन के नेता के विमान को नष्ट कर दिया।” बताया गया कि यह विमान पूर्व ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस्तेमाल किया जाता था।
इजरायल के अनुसार यह विमान सैन्य उपकरणों की खरीद और ईरान के सहयोगी देशों के साथ समन्वय के लिए महत्वपूर्ण था। ऐसे में इस विमान को निशाना बनाने का उद्देश्य ईरान के सैन्य और कूटनीतिक नेटवर्क को कमजोर करना था।
इजरायली सैन्य अधिकारियों ने दावा किया कि इस कार्रवाई से ईरानी नेतृत्व और उसके सहयोगी देशों के बीच सैन्य समन्वय की क्षमता पर बड़ा असर पड़ेगा और क्षेत्र में उसकी रणनीतिक क्षमता कमजोर होगी।
200 से ज्यादा ठिकानों पर हमले
इजरायली वायु सेना ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी और मध्य ईरान में 200 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन हमलों में मिसाइल सिस्टम, रक्षा प्रतिष्ठान, सैन्य मुख्यालय और हथियार भंडारण स्थलों को टारगेट किया गया।सेना के मुताबिक यह अभियान विशेष रूप से ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल नेटवर्क और एयर डिफेंस सिस्टम को कमजोर करने के लिए चलाया जा रहा है।
F-35I ‘Adir’ जेट का इस्तेमाल
इन लंबी दूरी के हमलों को अंजाम देने के लिए इजरायल ने अपने सबसे आधुनिक F-35I ‘Adir’ स्टेल्थ फाइटर जेट तैनात किए हैं। वायु सेना ने सोशल मीडिया पर इन विमानों की उड़ान का वीडियो भी साझा किया। इजरायल का कहना है कि इस ऑपरेशन के जरिए ईरान की सैन्य क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया है और उसके रणनीतिक संसाधनों को खत्म किया जा रहा है।
