गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ इजरायल की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच, इजरायली सेना ने एक हवाई हमले में हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख नईम अबू नाहल को मौत के घाट उतार दिया हैइजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले के बाद नईम अबू नाहल की मौत की पुष्टि की है। इसके साथ ही हमास ने भी इस पर बयान जारी किया है।
IDF के हमले में नईम अबू नाहल की मौत। (फोटो- X)
नेतन्याहू ने IDF और शिन बेट की तारीफ की
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी हमले के बाद नईम अबू नाहल की मौत की पुष्टि की। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इजरायली सेना (IDF) ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख नईम अबू नाहल को मार गिराया है। इससे तीन महीने पहले उनके पूर्ववर्ती को इजरायली सेना ने एक विशेष अभियान में पकड़ा था।
नेतन्याहू ने अपनी सरकार की आक्रामक नीति को लागू करने के लिए IDF और इजरायल की खुफिया सुरक्षा एजेंसी शिन बेट की सराहना की। उन्होंने कहा कि कोई भी आतंकवादी इजरायल की लंबी पहुंच से बच नहीं पाएगा। उन्होंने इस कार्रवाई को अपनी सरकार की सुरक्षा नीति के तहत उठाया गया कदम बताया।
हमास ने भी जारी किया बयान
वहीं, हमास के आंतरिक मंत्रालय ने भी नईम अबू नाहल की मौत पर बयान जारी किया है। हमास ने अपने बयान में कहा कि नईम अबू नाहल को इजरायली हमले में निशाना बनाया गया। वहीं, इजरायली सेना (IDF) ने भी गाजा में हमास के एक वरिष्ठ कमांडर पर हमला करने की पुष्टि की है।
मुईन अल-अराबिद की जगह संभाली थी जिम्मेदारी
सनद रहे कि मुईन अल-अराबिद की जगह नईम अबू नाहल ने हमास के आंतरिक सुरक्षा तंत्र के प्रमुख का पद संभाला था। मुईन अल-अराबिद को सितंबर में गाजा सिटी में इजरायली सेना ने पकड़ लिया था। इसके बाद अबू नाहल को संगठन के आंतरिक सुरक्षा तंत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
