Israel Strikes Gaza: इजरायल ने गाजा पर एयरस्ट्राइक की, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई। मेडिकल सूत्रों ने बताया कि हमास के साथ सीजफायर एग्रीमेंट के बावजूद रविवार को गाजा पट्टी में इजरायली एयरस्ट्राइक में कम से कम 25 फिलिस्तीनी मारे गए। सूत्रों ने बताया कि अल-जवेदा शहर के बीचों-बीच एक रिहायशी इलाके में एक कॉफी शॉप पर फाइटर जेट के हमले में पांच लोगों की जान चली गई और कई दूसरे घायल हो गए।
गाजा में सीजफायर के बावजूद इजरायल ने किए हवाई हमले। Photo-AP
स्ट्राइक में हताहत होने वालों में बच्चे भी
यहां कई हॉस्पिटल और टेंट हैं जिनमें बेघर लोगों को पनाह दी जा रही है। सेंट्रल गाजा के नुसेरत रिफ्यूजी कैंप में एक स्कूल के अंदर बेघर लोगों को पनाह देने वाले टेंट पर इजरायली एयरस्ट्राइक में चार फिलिस्तीनी भी मारे गए और 13 दूसरे घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। उसी कैंप में 'अल-अहली क्लब' के आस-पास किए गए एक और हमले में दो और फिलिस्तीनी मारे गए। नुसेरत कैंप में आम लोगों को निशाना बनाकर किए गए एक और इजरायली एयरस्ट्राइक में तीन और लोग मारे गए।
अब क्या है ताजा अपडेट
इजरायली सेना ने कहा कि हमास के मिलिटेंट्स ने दो सैनिकों को मार डाला है। एक इजरायली सिक्योरिटी अधिकारी ने कहा कि इलाके में मदद का ट्रांसफर रोक दिया गया है। बाद में मिलिट्री ने कहा कि उसने सीजफायर फिर से लागू करना शुरू कर दिया है और अधिकारी ने कन्फर्म किया कि सोमवार से मदद की डिलीवरी फिर से शुरू हो जाएगी।
दो साल से चल रहे युद्ध को खत्म करने के मकसद से अमेरिका के प्रस्तावित सीजफायर को शुरू हुए एक हफ्ते से थोड़ा ज़्यादा समय हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि सीजफयर लागू रहेगा और 'हम यह पक्का करना चाहते हैं कि यह बहुत शांतिपूर्ण हो।'
