पेरू में हाईवे पर घात लगाकर बैठे नकाबपोश बंदूकधारियों ने एक भारतीय व्यक्ति पर गोलियां चलाईं, 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग कर सोने के गहने लूट लिए। पीड़ितों की पहचान 29 वर्षीय भारतीय नागरिक विजय पगरानी इजा और 35 वर्षीय पेरू की नागरिक मारी नताली मिरांडा एस्पिनोजा के रूप में हुई है। बंदूक लिए नकाबपोश लुटेरों के एक गिरोह ने हाईवे के बीचों-बीच एक गाड़ी को रोका और उसमें रखे गहनों के पैकेट लूट लिए।
भारतीय युवक पर अंधाधुंध फायरिंग
इस घटना में एक भारतीय व्यक्ति और पेरू की एक महिला घायल हो गए। यह घटना पेरू की राजधानी लीमा के पास कैलाओ में हुई। हमलावरों ने 30 से ज्यादा राउंड फायरिंग की। अधिकारियों के मुताबिक, अपराधियों ने गाड़ी का पीछा किया था और फिर उसे रोककर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया।
वे अब खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है
एक रिपोर्ट के अनुसार, यह हमला स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। उस समय पीड़ित भारतीय नागरिक विजय पगरानी इजा और 35 वर्षीय पेरू की नागरिक मारी नताली मिरांडा एस्पिनोजा जॉर्ज शावेज इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे। विजय और मारी दोनों को सैन मिगुएल स्थित सैन जुडास टैडियो क्लिनिक ले जाया गया, जहां वे अब खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: रोहतक में आधी रात ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग, 4 युवकों की हत्या, पुलिस चौकी से 50 कदम दूर वारदात
बंदूकधारियों ने गाड़ी को घेर लिया और खिड़कियों पर गोलियां चलाईं
पास की एक इमारत से रिकॉर्ड किए गए घटना के खौफनाक वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि बंदूकधारियों ने गाड़ी को घेर लिया और खिड़कियों पर गोलियां चलाईं। लुटेरों ने गाड़ी में सवार एक व्यक्ति (संभवतः विजय) को जबरन बाहर खींचा और सड़क किनारे छोड़ दिया। इसके बाद वे गहनों से भरे ब्रीफकेस लेकर अपनी गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। कैलाओ पुलिस क्षेत्र के प्रमुख जनरल ओल्गर बेनाविडेस ने पुष्टि की है कि यह लूट और हमले का मामला है। इस लूट में करीब दस अपराधी शामिल थे, जिन्होंने पीड़ितों का रास्ता रोकने और आसानी से भागने के लिए तीन वैन और अन्य वाहनों का इस्तेमाल किया।
नेशनल पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे
फिलहाल हमलावरों की पहचान करने और उनका पता लगाने के लिए जांच चल रही है। पुल के पास कुछ मोबाइल फोन भी पड़े मिले हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि ये फोन पीड़ितों के हैं या हमलावरों के। ग्रे रंग की गाड़ी, जो कथित तौर पर एक सशस्त्र हमले में शामिल थी, अन्य अपराधों से भी जुड़ी हुई है। इस गाड़ी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
