सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक भारतीय नागरिक की मौत की खबर सामने आई है। इस दुखद घटना पर रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दूतावास ने शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा कि 18 मार्च को हुई हालिया घटना में एक भारतीय नागरिक की दुखद मृत्यु हो गई, जिस पर भारत सरकार और दूतावास की ओर से गहरी संवेदना व्यक्त की गई है। हालांकि, ये मौत किसी धमाके में हुई है या किसी अन्य कारण कारण से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि वह इस मामले को लेकर मृतक के परिवार और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है। दूतावास ने आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा कराने में पूरी मदद की जाएगी। दूतावास ने यह भी कहा कि इस दुखद घटना के संबंध में सभी आवश्यक प्रक्रियाओं पर नजर रखी जा रही है।
कैसे मिलती है भारतीयों को मदद
सूत्रों के अनुसार, विदेशों में किसी भी भारतीय नागरिक की मृत्यु होने पर भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास संबंधित देश के अधिकारियों के साथ मिलकर कानूनी प्रक्रिया, पोस्टमार्टम, दस्तावेजी औपचारिकताओं और पार्थिव शरीर को भारत भेजने की व्यवस्था में सहायता करते हैं। इसी प्रक्रिया के तहत रियाद स्थित भारतीय मिशन भी स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि भारतीय दूतावास ऐसे मामलों में परिवार के सदस्यों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखता है और जरूरत पड़ने पर कानूनी तथा मानवीय सहायता उपलब्ध कराता है। कई बार भारतीय समुदाय के स्वयंसेवक भी इस प्रक्रिया में सहयोग करते हैं ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द मदद मिल सके। हालांकि अभी तक मृतक भारतीय नागरिक की पहचान और घटना की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर अधिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन की जांच और औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी सामने आएगी।
