Imran Khan News: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान बुरे वक्त से गुजर रहे हैं। तोशखाना मामले में तीन साल की सजा होने के बाद उन्हें अटक जेल में रखा गया है। पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ (PTI) के नेताओं एवं उनके शुभचिंतकों का दावा है कि इमरान खान को अटक जेल के जिस 'सेल नंबर 2' में रखा गया है वह रहने लायक नहीं है। खान के वकील नईम हैदर पंजोथा ने अपनी अर्जी में कहा है कि खान को '9 गुणा 11 फुट की छोटी कोठरी' में रखा गया है। यही नहीं वकील का दावा है कि इमरान खान को खुले शौचालय वाले एक अंधेरे कमरे में रखा गया है, जहां दिन में मक्खियां और रात में चींटियां आती रहती हैं।
तोशाखाना मामले में अटक जेल में बंद हैं इमरान खान।
अडियाला जेल में शिफ्ट किए जाने के लिए अर्जी
इस बीच, इमरान खान के वकील ने उन्हें अटक जेल से अडियाला जेल में शिफ्ट करने के लिए इस्लामाबाद हाई कोर्ट में अर्जी दायर की है। वकील का कहना है कि खान को अडियाला जेल में स्थानांतरित किया जाना चाहिए क्योंकि यहां 'ए ग्रेड' की सुविधाएं हैं। वकील ने खान से उनके परिवार के लोगों, वकीलों को मिलने की इजाजत देने की मांग की।
तोशाखाना मामले में हुई है 3 साल की सजा
बता दें कि खान (70) को इस्लामाबाद की निचली अदालत द्वारा तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में 'भ्रष्ट आचरण' का दोषी पाने और तीन साल जेल की सजा सुनाए जाने के कुछ समय बाद शनिवार को लाहौर में उनके घर से गिरफ्तार कर लिया गया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद, उन्हें पंजाब प्रांत के अटक शहर में अटक जेल में स्थानांतरित कर दिया गया था, हालांकि अदालत ने अपने आदेश में अधिकारियों को उन्हें रावलपिंडी की उच्च सुरक्षा वाली अडियाला जेल में रखने का निर्देश दिया था।
'खान बेहतर जीवन जीने के हैं आदी'
एक अलग घटनाक्रम में, जियो न्यूज की खबर के अनुसार यह बताया गया कि खान को अटक जेल में ‘सेल नंबर 2’ में स्थानांतरित कर दिया गया है, जहां उच्च सुरक्षा और “बेहतर सुविधाएं” हैं। ‘सेल नंबर 2’ का आकार पिछली कोठरी से बड़ा है और इसमें एक मेज, कुर्सी, गद्दा और पलंग है। याचिका में कहा गया, “याचिकाकर्ता बचपन से ही एक संपन्न परिवार से हैं, और बाद में अपनी शिक्षा, आदतों और समाज में सामाजिक और राजनीतिक स्थिति के कारण वह बेहतर जीवन जीते आए हैं...ब्रिटेन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक हैं और ...पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे हैं...।”
'खुदा के शुक्रगुजार हैं इमरान खान'
पंजोथा ने खान को उद्धृत करते हुए कहा, “मुझे एक अंधेरे कमरे में रखा गया है जहां कोई टेलीविजन या अखबार उपलब्ध नहीं है। किसी को भी मुझसे मिलने की इजाजत नहीं है, जैसे मैं कोई आतंकवादी हूं।” भोजन के बारे में बात करते हुए खान ने सिर्फ इतना कहा कि उन्हें जो कुछ भी खाने योग्य मिल रहा है उसके लिए वह खुदा के शुक्रगुजार हैं। उन्होंने वकील से यह भी कहा कि मीडिया के माध्यम से सभी को बता दें कि “मैं मर जाऊंगा, लेकिन दासता कभी स्वीकार नहीं करूंगा।”
(एजेंसी इनपुट के साथ)
