अमेरिका में ट्रंप प्रशासन अवैध अप्रवासन नीति को लगातार सख्त करता जा रहा है। इसी बीच न्यू यॉर्क शहर में अमेरिकी इमीग्रेशन विभाग के एजेंटों ने गिरफ्तारी के दौरान एक डोमिनिकन नागरिक को गोली मारकर घायल कर दिया। इस घटना के बाद शहर में भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। बड़ी तादाद में लोग उस अस्पताल के बाहर जमा हो गए, जहां घायल का इलाज चल रहा है।
अमेरिका में ICE की कार्रवाई पर बवाल, डोमिनिकन नागरिक को मारी गोली। AP
वहीं, इस घटना पर न्यू यॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है। उन्होंने एक्स हैंडल पर लिखा,"मार्बल हिल इलाके में एक आवासीय मोहल्ले में आईसीई एजेंट ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त एक पांच साल का बच्चा भी उस व्यक्ति की कार में मौजूद था।"
ममदानी ने इस घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से बातचीत होने पर वह न्यूयॉर्क शहर में ICE की सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों को रोकने की मांग करेंगे। मेयर ने यह भी आरोप लगाया कि ICE एजेंट समुदायों में लोगों के बीच भय का माहौल पैदा कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना 8 अक्टूबर को न्यूयॉर्क के ब्रॉन्क्स इलाके के मार्बल हिल में हुई। स्थानीय समय के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे ICE एजेंटों की एक कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गोली लगी। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) के अनुसार, घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी चोटें जानलेवा नहीं थीं।
मेयर ममदानी के मुताबिक, गोलीबारी के वक्त पांच साल का बच्चा भी कार में मौजूद था। उन्होंने कहा कि शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, एजेंटों ने गोली चलाने से पहले व्यक्ति और बच्चे की कार को घेर लिया था। हालांकि, घटना के पूरे क्रम और गोली चलाने की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।
डीएचएस ने क्या कहा?
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग (DHS) ने बताया कि ICE एजेंट एक लक्षित गिरफ्तारी अभियान चला रहे थे। विभाग के अनुसार, जिस व्यक्ति को निशाना बनाया गया, वह डोमिनिकन गणराज्य का नागरिक था और उसका आपराधिक रिकॉर्ड था। DHS ने उस पर एक गिरोह से संबंध होने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, विभाग ने गोली चलाने से ठीक पहले क्या हुआ था, इसका पूरा विवरण सार्वजनिक नहीं किया। घटना की जांच जारी है।
ट्रंप से आईसीई की कार्रवाई रोकने की मांग करेंगे ममदानी
घटना के बाद मेयर जोहरान ममदानी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संपर्क करने की बात कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से बातचीत होने पर वह न्यूयॉर्क शहर में ICE की सभी प्रवर्तन कार्रवाइयों को समाप्त करने की मांग करेंगे।
ममदानी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में ICE को शहर के मोहल्लों, अस्पतालों और सड़कों से हटाने की मांग की। उन्होंने बच्चों को ऐसी कार्रवाइयों से दूर रखने की बात भी कही और अंत में “ICE को खत्म करो” का नारा दिया।
क्या है आईसीई और क्यों हो रहा है विरोध?
इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट (ICE) अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के तहत काम करने वाली संघीय एजेंसी है। इसकी जिम्मेदारियों में आव्रजन कानूनों को लागू करना, अवैध रूप से देश में रहने के आरोपों से जुड़े मामलों में कार्रवाई करना और कुछ मामलों में लोगों को हिरासत में लेना शामिल है।
अमेरिका में आईसीई की कार्रवाई लंबे समय से राजनीतिक बहस का विषय रही है। समर्थक इसे आव्रजन कानून लागू करने के लिए जरूरी मानते हैं, जबकि आलोचक एजेंसी की कुछ कार्रवाइयों, हिरासत की परिस्थितियों और बल प्रयोग के तरीकों पर सवाल उठाते रहे हैं।
