Netanyahu Hits Back at Mamdani: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) को संबोधित करने के लिए न्यूयॉर्क जाने की अपनी योजना की पुष्टि की है। इसके साथ ही उन्होंने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी के उन बयानों को कड़े शब्दों में खारिज कर दिया है, जिसमें ममदानी ने नेतन्याहू को न्यूयॉर्क में "अवांछित" घोषित करने की कोशिश की थी। नेतन्याहू ने ममदानी पर शहर में विभाजन और यहूदी-विरोध को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
ममदानी पर नेतन्याहू का पलटवार
मैं यहूदी लोगों की सच्चाई के लिए लड़ने न्यूयॉर्क आऊंगा
फॉक्स न्यूज के कार्यक्रम 'संडे मॉर्निंग फ्यूचर्स' में मारिया बारतीरोमो को दिए एक साक्षात्कार में नेतन्याहू ने कहा, ममदानी को मेरा जवाब है कि मैं यहूदी लोगों की सच्चाई के लिए लड़ने न्यूयॉर्क आऊंगा। मेरा इरादा संयुक्त राष्ट्र के मंच से सच बोलने, इजरायल का पक्ष रखने और इजरायल-अमेरिकी गठबंधन के लिए बात करने का है। मेयर ममदानी द्वारा उन्हें एक युद्ध अपराधी बताए जाने और न्यूयॉर्क में उनका स्वागत न होने की बात कहने के बाद, नेतन्याहू ने मेयर ममदानी पर हमास के हत्यारों का साथ देने और इजरायली जनता पर 7 अक्टूबर को हुए हमले का समर्थन करने का आरोप लगाया।
नेतन्याहू ने कहा, ममदानी जिसका समर्थन कर रहे हैं—उनका परिवार, उनकी पत्नी—उन्होंने 7 अक्टूबर के नरसंहार का जश्न मनाया, जो होलोकॉस्ट के बाद यहूदियों के खिलाफ सबसे बड़ा नरसंहार था। वह मूल रूप से उन हमास के हत्यारों का समर्थन कर रहे हैं जिन्होंने हमारी महिलाओं के साथ बलात्कार किया, उनका सिर काटा, मासूम बच्चों को जिंदा जलाया और 251 पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को बंधक बना लिया।
नरसंहार के आरोपों पर हमास को घेरा
इजरायली प्रधानमंत्री ने इजरायल पर लग रहे नरसंहार के आरोपों को खारिज करते हुए कहा, नरसंहार के लिए हमास जिम्मेदार है। उनके चार्टर और उनके बयानों के मुताबिक, अगर वे कर पाते तो इजरायल और दुनिया के हर एक यहूदी को मार डालते। इसलिए नरसंहार का आरोप हमारे दुश्मनों पर लागू होता है। हम तो बस इस नरसंहार करने वाले आतंकवादी संगठन के खिलाफ लड़ रहे हैं, जो नागरिकों के पीछे छिपता है।
नेतन्याहू ने न्यूयॉर्क सिटी के मेयर के रूप में ममदानी के नेतृत्व की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि न्यूयॉर्क के पिछले मेयरों ने हमेशा शहर को एकजुट करने का काम किया, न कि लोगों को आपस में लड़ाने का। उन्होंने चेतावनी दी, वह नफरत फैला रहे हैं। उन्हें न्यूयॉर्क के सभी नागरिकों—यहूदियों, ईसाइयों, मुसलमानों—का मेयर होना चाहिए। लेकिन वह एक समूह को दूसरे के खिलाफ भड़का रहे हैं। न्यूयॉर्क में रह रहे अमेरिकी यहूदी इस समय डरे हुए हैं।
न्यूयॉर्क में हुई हिंसा से जोड़ा मेयर का बयान
नेतन्याहू ने मेयर के राजनीतिक बयानों को सीधे तौर पर स्थानीय हिंसा से जोड़ते हुए हाल ही में एक यहूदी प्रार्थना स्थल (synagogue) के बाहर हुए हमले का जिक्र किया। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता कि यह महज एक इत्तेफाक है कि इजरायल और मेरे खिलाफ उनके नफरत भरे भाषण के अगले ही दिन, एक यहूदी व्यक्ति पर 'अल्लाहू अकबर' के नारों के साथ चाकू से हमला कर दिया जाता है। यह न्यूयॉर्क और शांति दोनों के लिए बहुत बुरा है।
सीएनएन की एक रिपोर्ट के अनुसार, मैनहट्टन के अपर वेस्ट साइड में दिनदहाड़े दो लोगों पर चाकू से हमला करने के मामले में 51 वर्षीय राउल मोरालेस नाम के व्यक्ति पर हेट क्राइम के तहत हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज किए गए हैं। अभियोजकों का आरोप है कि मोरालेस ने पहले एक एशियाई व्यक्ति पर पीछे से हमला किया और फिर वहां से चार ब्लॉक दूर एक यहूदी व्यक्ति पर, जो अभी-अभी प्रार्थना स्थल से बाहर निकला था, स्क्रूड्राइवर से हमला कर दिया।
मेयर ममदानी ने की थी गिरफ्तारी की मांग
नेतन्याहू का यह तीखा पलटवार न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने बुधवार को अमेरिकी संघीय सरकार से अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को तामील करने की मांग की थी। ममदानी ने कहा था, बेंजामिन नेतन्याहू या कोई भी अन्य फरार युद्ध अपराधी न्यूयॉर्क सिटी में स्वागत के योग्य नहीं है। मैं आईसीसी (ICC) के इस रुख से सहमत हूं कि नेतन्याहू को उनके अपराधों के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उन पर मुकदमा चलाया जाना चाहिए। ममदानी ने यह भी साझा किया था कि उनका प्रशासन न्यूयॉर्क के कानूनी विभाग के साथ सक्रिय रूप से चर्चा कर रहा है ताकि यह जाना जा सके कि अगर सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं, तो शहर के पास क्या कानूनी अधिकार होंगे।
