पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर गहरा गया है। यहां संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अपने सरकारी तेल कंपनी ADNOC के एक जहाज पर हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। इसके साथ ही दक्षिणी लेबनान में भी इजराइली हवाई हमलों बढ़ गए हैं। इनमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई है। दूसरी ओर, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के एक अहम बंदरगाह पर मिसाइल हमला किया, जिसमें कम से कम एक व्यक्ति की जान गई।
होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव।
होर्मुज में ADNOC के जहाज पर हमला
अमीराती सरकारी समाचार एजेंसी WAM ने दावा किया है कि अबू धाबी की सरकारी तेल एवं गैस कंपनी ADNOC के एक टैंकर पर शुक्रवार शाम होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय हमला किया गया। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। UAE ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए ऐसे हमलों को रोकने की मांग की है। यह एक सप्ताह के भीतर ADNOC से जुड़े जहाजों पर तीसरी ऐसी घटना बताई गई है। हालांकि अभी तक ईरान ने इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।ब्रिटेन के यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने भी शुक्रवार को होर्मुज में एक बल्क कैरियर के अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आने की सूचना दी। हालांकि, यह तुरंत स्पष्ट नहीं हो सका कि दोनों घटनाएं एक ही जहाज से जुड़ी थीं या नहीं। होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और प्राकृतिक गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है।
दक्षिणी लेबनान में इजराइली हमले, 9 लोगों की मौत
दक्षिणी लेबनान में शनिवार को इजराइली हवाई हमलों में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अंसार गांव के बाहरी इलाके में एक घर को निशाना बनाकर किए गए हमले में सात लोगों की जान गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे। दो लोग घायल हुए। वहीं, देइर अल-जहरानी गांव पर हुए दूसरे हमले में दो लोगों की मौत और नौ के घायल होने की सूचना है। जून में इजराइल और लेबनान सरकार के बीच हुए एक फ्रेमवर्क समझौते के बाद से इसे सबसे घातक दिनों में से एक माना जा रहा है। इजराइल ने कहा कि उसने अपने सैनिकों के खिलाफ कार्रवाई के जवाब में दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के ढांचे को निशाना बनाया।
