PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐतिहासिक इजरायल दौरे को लेकर वहां रह रहे भारतीय प्रवासी समुदाय में उत्साह का माहौल देखने को मिला। यरुशलम में पीएम मोदी का स्वागत करने की तैयारियां जोरो-शोरो से चल रही हैं। कई भारतवंशी यहूदी और प्रवासी इस यात्रा को भारत और इजरायल के बीच ऐतिहासिक और रणनीतिक संबंधों को सुदृढ़ करने वाला कदम मान रहे हैं।
इजरायल में रह रहे भारतवंशी
सरकारी अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक, यरुशलम में इस यात्रा को लेकर उत्साह स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। सड़कों पर भारतीय समुदाय के लोगों को 'नमस्ते' कह कर अभिवादन किया जा रहा है।
'कई वर्षों से इजरायल में हैं, पर दिल अब भी भारतीय'
भारतीय समुदाय के सदस्यों ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अपनी दोहरी पहचान पर गर्व जताते हुए कहा कि भले ही उन्होंने इजरायल में अपना जीवन बसा लिया हो, लेकिन उनका दिल आज भी हिंदुस्तानी है और भारत के लिए धड़कता है। एक सदस्य ने कहा, ''हम भारतीय दूतावास से जुड़े रहते हैं और हमें बहुत खुशी है कि प्रधानमंत्री मोदी यहां आए हैं। हमें गर्व है कि उनके हमारे इजरायल, हमारे मातृभूमि के साथ इतने अच्छे संबंध हैं। यह दोस्ती और मजबूत हो।'' उन्होंने भावुक होकर कहा, ''हम कई वर्षों से इजरायल में हैं, लेकिन हमारा दिल अब भी भारतीय है।''
प्रवासी समुदाय ने क्षेत्रीय चुनौतियों के संदर्भ में भारत-इज़राइल के साझा सुरक्षा दृष्टिकोण पर भी जोर दिया। एक अन्य निवासी ने कहा, ''मौजूदा परिस्थितियों में भारत और इजरायल को मजबूत दोस्त होना चाहिए। पाकिस्तान से जुड़े मुद्दों पर हमें इजरायल से सीखना चाहिए कि हालात से कैसे निपटा जाए।''
'हमें PM मोदी पर गर्व'
मुंबई से नौ साल पहले इजरायल आए अब्राहम सैमसन ने खुद को पीएम मोदी का समर्थक बताते हुए कहा, ''हमें उन पर बहुत गर्व है। वे एक अच्छे और ईमानदार प्रधानमंत्री हैं। भगवान उन्हें आशीर्वाद दें।''
