FBI Ten Most Wanted Fugitives List: अमेरिका की जांच एजेंसी FBI ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ (Goldy Brar) को अपनी ‘टेन मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव्स’ यानी 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल कर लिया है। गोल्डी बराड़ का असली नाम सतिंदरजीत सिंह है। FBI ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को 10 लाख डॉलर (करीब 8.4 करोड़ रुपये) तक का इनाम देने की घोषणा की है। गोल्डी बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख संचालक बताया गया है। अमेरिकी एजेंसी के मुताबिक, यह गैंग अमेरिका और कनाडा समेत कई देशों में हत्याओं, फिरौती, गोलीबारी, अपहरण और ड्रग्स की तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
FBI की मोस्ट वांटेड लिस्ट में गोल्डी बराड़ (FBI)
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ के खिलाफ अमेरिका की लॉस एंजिलिस स्थित जिला अदालत में संघीय गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया है। उस पर RICO साजिश, फिरौती के जरिए व्यापार को प्रभावित करने की साजिश और कोशिश तथा प्रतिबंधित मादक पदार्थों के वितरण और उन्हें बेचने के इरादे से अपने पास रखने की साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं।
ये भी पढ़ें- कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट में नंबर-1 पर गोल्डी बराड़, पकड़वाने वाले को मिलेंगे कितने करोड़ रुपये?
हिंसक गतिविधियों के चलते मोस्ट वांटेड लिस्ट में जगह
FBI लॉस एंजिलिस के असिस्टेंट डायरेक्टर पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि सतिंदरजीत सिंह को उसकी हिंसक प्रवृत्ति और उस पर लगे कई आपराधिक आरोपों के कारण मोस्ट वांटेड भगोड़ों की सूची में शामिल किया गया है। उनके मुताबिक, यह सूची उन लोगों के लिए है जो कानून से बचकर भाग रहे हैं और जिन्हें FBI समाज के लिए गंभीर खतरा मानती है।
ग्रैंडी ने कहा कि एजेंसी तब तक संतुष्ट नहीं होगी, जब तक गोल्डी बराड़ को गिरफ्तार कर अमेरिकी अदालत में उसके खिलाफ मुकदमा नहीं चलाया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि उसके कथित अपराधों का असर अमेरिका के नागरिकों के साथ-साथ दुनिया के दूसरे हिस्सों में रहने वाले लोगों पर भी पड़ा है।
लॉरेंस बिश्नोई का बचपन का दोस्त
FBI के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का मुख्यालय भारत में है और इसके हजारों सदस्य तथा सहयोगी अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप और ऑस्ट्रेलिया में फैले हुए हैं। इस आपराधिक नेटवर्क की शुरुआत पंजाब से हुई थी। इसके संस्थापक लॉरेंस बिश्नोई ने कॉलेज के दिनों में अपने साथियों और समर्थकों का नेटवर्क तैयार किया था। बाद में इसी नेटवर्क को कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल कर लिया गया।
अमेरिकी जांच एजेंसी के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई ने अपने नेटवर्क के रोजमर्रा के संचालन के लिए भरोसेमंद लोगों और क्षेत्रीय नेताओं को जिम्मेदारियां सौंपी थीं। इसी क्रम में उसका बचपन का दोस्त गोल्डी बराड़ उत्तरी अमेरिका में गैंग की गतिविधियों का प्रमुख बन गया। इस क्षेत्र में अमेरिका और कनाडा शामिल थे, जहां गैंग के सैकड़ों सदस्य और सहयोगी सक्रिय थे।
FBI के आरोपपत्र के मुताबिक, गोल्डी बराड़ इस नेटवर्क के लिए लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, हमलों, फिरौती और ड्रग्स की तस्करी जैसी गतिविधियों को निर्देशित करता था।
राजनीतिक और धार्मिक हस्तियों से लेकर पंजाबी गायक तक निशाने पर
FBI के मुताबिक, बिश्नोई गैंग भारत और विदेशों में भारतीय मूल के समुदायों से जुड़े प्रमुख सांस्कृतिक, राजनीतिक और कारोबारी लोगों को निशाना बनाता रहा है। गैंग के सदस्य कई हिंसक घटनाओं की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर वीडियो और लिखित संदेशों के जरिए लेते थे। जांच एजेंसी का आरोप है कि इस तरह की घटनाओं का सार्वजनिक प्रचार कर गैंग लोगों में डर पैदा करता था और यह संदेश देने की कोशिश करता था कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां उस तक नहीं पहुंच सकतीं।
अमेरिकी अदालत में दाखिल आरोपपत्र के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ ने कनाडा में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक नेता की हत्या का आदेश दिया था। इस नेता को अदालत के दस्तावेजों में H.S.N. के नाम से पहचाना गया है। 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक सिख मंदिर से निकलते समय दो हमलावरों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इसके अलावा, गोल्डी बराड़ और बिश्नोई गैंग ने 29 मई 2022 को पंजाब के मानसा जिले में एक प्रमुख भारतीय गायक और रैपर S.S.S. की हत्या का आदेश देने और उसे अंजाम देने का दावा भी किया था।
लॉस एंजिलिस में 520 किलो कोकीन की चोरी का आरोप
FBI की जांच में ड्रग्स तस्करी से जुड़े गंभीर आरोप भी सामने आए हैं। एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी और वितरण में शामिल था। कई बार उसका नेटवर्क दूसरे ड्रग तस्करी गिरोहों से नशीले पदार्थ चुराता था।
आरोप है कि मार्च 2024 से जुलाई 2025 के बीच बिश्नोई गैंग ने लॉस एंजिलिस और आसपास के इलाकों में दूसरे ड्रग तस्करी गिरोहों से करीब 520 किलोग्राम कोकीन चुराई। इसकी मात्रा 1,146 पाउंड से अधिक बताई गई है।
गोल्डी समेत पांच भगोड़े बाकी
गोल्डी बराड़ और उसके सहयोगियों के खिलाफ अमेरिकी एजेंसियों ने ऑपरेशन हार्ड बॉल के तहत लंबे समय तक जांच की। यह अभियान भारतीय आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े रैकेटियरिंग, लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, फिरौती और अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी जैसे अपराधों की जांच के लिए चलाया गया था।
इस अभियान के दौरान गोल्डी बराड़ के कई कथित सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि, वह अभी भी फरार है। FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ के अलावा मेजर सिंह, सुखराज सिंह कांग, कमाल (पूरा नाम उपलब्ध नहीं) और गुरप्रीत सिंह भी इस मामले में फरार हैं।
बेहद खतरनाक और हथियारबंद बताया
FBI ने गोल्डी बराड़ को बेहद हिंसक, हथियारबंद और खतरनाक बताया है। उसकी उम्र करीब 32 साल, लंबाई 5 फीट 9 इंच और वजन लगभग 220 पाउंड बताया गया है। उसके बाल काले और आंखें भूरी हैं। वह गोल्डी बराड़, सतिंदरजीत सिंह बराड़, सतिंदर जीत और सतिंदर जित सिंह बराड़ जैसे नामों से भी जाना जाता है।
FBI के मुताबिक, उसके संबंध कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको से भी हैं। एजेंसी ने लोगों को उसे पकड़ने की कोशिश में खुद संपर्क करने से बचने और सीधे कानून प्रवर्तन एजेंसियों को सूचना देने की सलाह दी है।
गोल्डी बराड़ के बारे में जानकारी रखने वाले लोग FBI की स्थानीय शाखा, निकटतम अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 1-800-CALL-FBI (1-800-225-5324) पर फोन या tips.fbi.gov पर ऑनलाइन सूचना दी जा सकती है। FBI ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और टिप्स गुमनाम रूप से भी दी जा सकती हैं।
