G7 summit : जी-7 सम्मेलन के लिए कनाडा में जुटे इसके सदस्य देशों ने ईरान पर इजरायल की कार्रवाई का समर्थन किया है। सात देशों ने अपने संयुक्त बयान में कहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजरायल को अपनी आत्मरक्षा का अधिकार है। कनाडा के प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी बयान में कहा गया, 'हम, G7 के नेता, मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं। इस संदर्भ में, हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि इजरायल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है। हम इजरायल की सुरक्षा के लिए अपने समर्थन को दोहराते हैं। हम यह भी स्वीकार करते हैं कि नागरिकों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।'
कनाडा में जी-7 समिट।
ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए-जी-7
नेताओं ने कहा, 'ईरान क्षेत्रीय अस्थिरता और आतंक का मुख्य स्रोत है। हम हमेशा यह स्पष्ट करते आए हैं कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार नहीं मिलना चाहिए।' उन्होंने कहा, 'हम आग्रह करते हैं कि ईरान संकट का समाधान मध्य पूर्व में व्यापक शांति स्थापना की दिशा में ले जाए, जिसमें गाज़ा में संघर्षविराम भी शामिल हो।' उन्होंने यह भी कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों पर इसके प्रभाव को लेकर सतर्क रहेंगे और आवश्यकतानुसार समन्वय करने के लिए तैयार हैं। बयान में कहा गया कि 'हम अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजारों पर प्रभाव को लेकर सतर्क रहेंगे और बाजार की स्थिरता बनाए रखने के लिए समान विचारधारा वाले साझेदारों के साथ समन्वय के लिए तैयार हैं।'
'सिचुएशन रूम में तैयार रहने' का निर्देश दिया
ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधियों की बैठक मंगलवार तक चलेगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी यात्रा को छोटा कर वाशिंगटन डीसी लौटने का निर्णय लिया। फॉक्स न्यूज़ के अनुसार, ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को सोमवार रात वाशिंगटन लौटने पर 'सिचुएशन रूम में तैयार रहने' का निर्देश दिया। इजरायल ने शुक्रवार को ईरान में कई ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई हमले शुरू किए। उसका कहना है कि यह हमले ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के उद्देश्य से किए गए। तेहरान ने इस आरोप से इनकार किया है।
ट्रंप ने संघर्षविराम का एक प्रस्ताव दिया है-मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के अनुसार, ट्रंप ने एक संघर्षविराम प्रस्ताव दिया है। लेकिन CNN की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने ईरानी नागरिकों से तेहरान खाली करने की चेतावनी भी दी, जिससे शहर के 1 करोड़ निवासियों के लिए खतरे का संकेत मिला। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि इजराइल के हमलों से ईरान के परमाणु कार्यक्रम को काफी पीछे धकेल दिया गया है। 'मेरा अनुमान है कि हमने उन्हें बहुत, बहुत पीछे धकेल दिया है। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने G7 शिखर सम्मेलन की अध्यक्षता की।
