KP Sharma Oli Health Update: नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि केपी शर्मा ओली की शनिवार को Gen Z प्रदर्शनों को दबाने से जुड़े आपराधिक मामलों में गिरफ्तारी हुई थी और एक दिन बाद ही उनकी तबीयत खराब हो गई।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली (फाइल फोटो)
पूर्व PM को क्या हुआ?
केपी शर्मा ओली को दिल की धड़कन तेज की शिकायत के बाद त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पूर्व पीएम को फिलहाल निगरानी में रखा गया है। वह पहले से ही कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
किन बीमारियों से जूझ रहे ओली
केपी शर्मा ओली किडनी ट्रांसप्लांट करवा चुके मरीज हैं और उन्हें हाइड्रोनेफ्रोसिस, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, हाइपोथायरायडिज्म, एट्रियल फाइब्रिलेशन (APC के साथ) और पित्ताशय की पथरी (Cholelithiasis) जैसी बीमारियां हैं।
नेपाल के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन
सनद रहे कि नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी) के कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की गिरफ्तारी के खिलाफ देश के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को प्रदर्शन किया। सीपीएन-यूएमएल के नेता ओली और पूर्व गृहमंत्री रमेश लेखक को पिछले साल आठ और नौ सितंबर को Gen Z आंदोलन को दबाने में उनकी भूमिका के आरोप में शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान लगभग दो दर्जन युवाओं समेत 76 लोग मारे गए थे।
ओली की गिरफ्तारी के विरोध में सीपीएन-यूएमएल के सैकड़ों कार्यकर्ता कोशी प्रदेश के झापा जिले के दमक नगरपालिका, कास्की जिले के पोखरा नगरपालिका और काठमांडू के मैतिघर मंडल और बाबरमहल में इकट्ठा हुए। सीपीएन-यूएमएल के आंदोलनकारी कार्यकर्ताओं और ऑल नेपाल नेशनल फ्री स्टूडेंट्स यूनियन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने नवगठित बालेंद्र शाह सरकार और गृह मंत्री सूडान गुरुंग के खिलाफ नारे लगाए और ओली की तत्काल रिहाई की मांग की।
