Goldy Brar: भारत के गोल्डी बराड़ पर शिकंजा कसने के लिए FBI ने इनाम बढ़ा दिया है। सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ FBI की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़े सूची में शामिल किया गया है। FBI के मुताबिक बराड़ पर साजिश, एक्सटॉर्शन और नारकोटिक्स के आरोप हैं। FBI ने उसकी सूचना देने पर 10 लाख डॉलर तक के इनाम का ऐलान किया है। FBI के मुताबिक गोल्डी बराड़ अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध ग्रुप का कथित उत्तरी अमेरिका का लीडर है।
गोल्डी बरार 10 मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल
10 लाख डॉलर इनाम का ऐलान
FBI के लॉस एंजिलिस प्रभारी असिस्टेंट डायरेक्टर पैट्रिक ग्रैंडी ने भगोड़े सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को FBI की 10 मोस्ट वांटेड भगोड़ा सूची में शामिल किए जाने की घोषणा की है। उसकी गिरफ्तारी तक पहुंचाने वाली जानकारी देने वाले को 10 लाख डॉलर तक का इनाम देने का ऐलान किया गया है। पैट्रिक ग्रांडी ने कहा, अगर किसी के पास सतिंदरजीत सिंह के बारे में कोई जानकारी है, तो कृपया FBI की टोल-फ्री हेल्पलाइन 1-800-CALL-FBI (1-800-225-5324) पर संपर्क करें। आप अपने स्थानीय एफबीआई कार्यालय, निकटतम अमेरिकी दूतावास या वाणिज्य दूतावास से भी संपर्क कर सकते हैं, या आप http://tips.fbi.gov पर ऑनलाइन सूचना दे सकते हैं।
टारगेट किलिंग, फॉयरिंग, हत्या, अपहरण में शामिल
एजेंसी के मुताबिक ग्रुप पर टारगेट किलिंग, फॉयरिंग, हत्या, अपहरण, एक्सटॉर्शन और नारकोटिक्स ट्रैफिकिंग जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। FBI के मुताबिक बराड़ के खिलाफ लॉस एंजिल्स की फेडरल कोर्ट में केस दर्ज है। 1 जुलाई 2026 को उसके खिलाफ फेडरल अरेस्ट वारंट जारी किया गया था। FBI ने उसे अपनी 10 मोस्ट वांटेड फ्यूजिटिव लिस्ट में शामिल करने वाला 543वां भगोड़ा बताया है।
FBI के मुताबिक, गोल्डी बराड़ पर एक संगठित अपराध समूह में कथित भूमिका का आरोप है। यह समूह दक्षिणी कैलिफोर्निया समेत अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक आपराधिक गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल रहा है। इनमें लक्षित हत्याएं, गोलीबारी, हत्या, अपहरण, जबरन वसूली, हमले तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसे अपराध शामिल हैं। FBI के अनुसार, कथित लक्षित हत्याओं में एक प्रमुख राजनीतिक और धार्मिक शख्सियत की हत्या भी शामिल है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव
गोल्डी बराड़ को भारत में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का मुख्य मास्टरमाइंड और सहयोगी माना जाता है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बराड़ का नाम प्रमुखता से सामने आया था, जिसकी जिम्मेदारी उसने सोशल मीडिया पर ली थी।भारतीय गृह मंत्रालय पहले ही गोल्डी बराड़ को गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित कर चुका है। अमेरिका में एफबीआई की इस कार्रवाई के बाद उसकी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तलाश और तेज हो गई है।
आपराधिक नेटवर्क और ठिकाने
अमेरिकी और कनाडाई जांच एजेंसियों के अनुसार, गोल्डी बराड़ इस समय अमरीका में ही छिपा हुआ माना जा रहा है। अमेरिका में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो और फ्रेस्नो क्षेत्रों के अलावा कनाडा, भारत और मैक्सिको में उसके लॉजिस्टिक्स और आपराधिक गिरोह का जाल फैला हुआ है। वह अमेरिका में रहकर उत्तरी अमेरिका और भारत में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संचालन और फंडिंग की निगरानी कर रहा है। एफबीआई के ऐलान के बाद उस पर दबाव बढ़ना तय है और वह जल्द ही गिरफ्त में आ सकता है।
