Earthquake in Pakistan Latest Video: पाकिस्तान में एक टीवी चैनल पर डिबेट के बीच न्यूज एंकर को जैसे ही भूकंप के झटके महसूस हुए थे, वह फौरन अपनी छोड़कर भागने लगे थे। उनके साथ इस दौरान एक मेहमान भी थे, जो न्यूज स्टूडियो में थे। यह पूरा मामला मंगलवार (21 मार्च, 2023) का है। रात को समां टीवी (Samaa TV) पर डिबेट चल रही थी और उस दौरान न्यूज एंकर के साथ चैनल के स्टूडियो में एक गेस्ट भी मौजूद थे। बातचीत के दौरान अचानक से भूकंप के झटके आए और तभी एंकर और दूसरे पैनलिस्ट अलर्ट होते हुए अपनी-अपनी सीट से तेजी से उठे और बाहर निकलने लगे।
हालांकि, इस दौरान एंकर को अपनी वायर (तार वाली) डिवाइस निकालने में थोड़ी दिक्कत हुई, जो उन्होंने अपने सूट के अंदर सेट कर रखी थी।ऐसी ही एक घटना मशरीक डिजिटल (Mashriq Digital) के एंकर के साथ भी हुई, जब वह बुलेटिन पढ़ रहा था और उसी बीच भूकंप के झटके आने लगे थे। हालांकि, वह जोरदार झटकों के बीच खबरें पढ़कर सुनाता रहा था।
दरअसल, पड़ोसी मुल्क पाक के कुछ हिस्सों में 6.8 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। भूकंप से जुड़ी घटनाओं में नौ लोगों (खबर लिखे जाने तक) की जान चली गई, जबकि 160 से अधिक लोग जख्मी हुए। पाक के मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हिंदू कुश क्षेत्र में 180 किलोमीटर की गहराई में था और ये झटके पाकिस्तान के लाहौर, इस्लामाबाद, रावलपिंडी, क्वेटा, पेशावर, कोहाट, लक्की मरवत और कुछ और इलाकों में महसूस किए गए।
इस बीच, गुजरांवाला, गुजरात, सियालकोट, कोट मोमिन, मढ़ रांझा, चकवाल, कोहाट और गिलगित-बल्तिस्तान इलाकों में भी भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। वहीं, खबरिया चैनलों पर जो मौके से जुड़ी फुटेज सामने आई थीं, उनमें लोग डर के कारण सड़कों पर निकलते नजर आए थे। वहां के अखबार ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में बताया गया कि भूकंप के चलते रावलपिंडी के बाजारों में भगदड़ मचने की सूचना मिली।
