अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अमेरिका के नए आधिकारिक राष्ट्रपति विमान 'एयर फोर्स वन' (Air Force One) का अनावरण किया। यह विमान पहले कतर के शाही परिवार का एक जंबो जेट था, जिसे अब अमेरिकी राष्ट्रपति की सुरक्षा और आवश्यकताओं के अनुसार अपग्रेड कर आधिकारिक बेड़े में शामिल कर लिया गया है। मैरीलैंड के 'जॉइंट बेस एंड्रयूज' के एक विशाल हैंगर में सैकड़ों वायुसेना कर्मियों की मौजूदगी में ट्रंप ने इस भव्य विमान को दुनिया के सामने पेश किया
नए विमान में केनेडी के जमाने का आइकॉनिक रंग भी बदला (चित्र साभार: AP)
इस मौके पर ट्रंप ने कहा कि "इस विमान को लग्जरी के उस स्तर पर एक उड़ते हुए व्हाइट हाउस में बदला गया है, जैसा पहले किसी ने कभी नहीं देखा होगा।"
बदल गया आइकॉनिक रंग: अब दिखेगा 'बोल्ड' नेवी ब्लू लुक
नए एयर फोर्स वन में सबसे बड़ा और सबसे विजुअल बदलाव इसके बाहरी रंग में किया गया है। पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ. केनेडी के समय से चले आ रहे पारंपरिक और आइकॉनिक 'रॉबिन एग ब्लू' (हल्के आसमानी) और सिल्वर रंग को अब हटा दिया गया है। इसके स्थान पर राष्ट्रपति ट्रंप की व्यक्तिगत पसंद के अनुसार गहरे नेवी ब्लू, लाल और सफेद रंग का बेहद बोल्ड और 'पावरफुल' लुक दिया गया है। विमान के निचले हिस्से को गहरा नेवी ब्लू रंगा गया है, जिसके ठीक ऊपर एक चमकीली लाल पट्टी दौड़ती है। विमान के बाईं ओर, जहां से राष्ट्रपति बोर्ड करते हैं, वहां 'प्रैसिडेंशियल सील' (राष्ट्रपति की आधिकारिक मुहर) अंकित है। विमान के पिछले हिस्से पर एक विशाल अमेरिकी झंडा बनाया गया है। ट्रंप ने मुस्कुराते हुए स्पष्ट किया कि विमान का यह रंग और डिजाइन पूरी तरह से मेरी पसंद के मुताबिक है।
विवादों के बीच कतर का 'गिफ्ट' बना पुल
कतर की सरकार द्वारा पिछले साल अमेरिकी प्रशासन को उपहार में दिया गया यह बोइंग 747-8 जेट एक 'ब्रिज' (अस्थाई माध्यम) के रूप में काम करेगा। दरअसल, बोइंग कंपनी द्वारा सीधे अमेरिकी सरकार के लिए बनाए जा रहे नए विमानों (VC-25B) की डिलीवरी में देरी हो रही है और वे अब 2028 तक ही मिल पाएंगे। इस बीच कतर के विमान का उपयोग करके इस गैप को भरा जा रहा है। हालांकि, किसी विदेशी सरकार से इतना महंगा उपहार स्वीकार करने की नैतिकता और वैधानिकता पर कड़े सवाल उठे थे। इस पर कटाक्ष करते हुए ट्रंप ने कहा, "देखिए, एक सामान्य राष्ट्रपति ऐसा नहीं करता। सामान्य राष्ट्रपति विमानों से दूर रहना चाहते हैं, लेकिन हमारे देश का प्रतिनिधित्व ठीक से होना चाहिए।" उन्होंने पूर्व में यह भी साफ किया था कि पद छोड़ने के बाद वे इसे अपने निजी इस्तेमाल में नहीं रखेंगे, बल्कि इसे भविष्य की 'प्रैसिडेंशियल लाइब्रेरी' को दान कर दिया जाएगा।
दिखने में कुछ ऐसा है नया एयर फोर्स वन (AP)
शाही विलासिता बरकरार, सुरक्षा के लिए खर्च हुए करोड़ों डॉलर
अमेरिकी वायुसेना के अनुसार, एयर फोर्स वन का दर्जा पाने वाले किसी भी विमान को कड़े सुरक्षा मानकों से गुजरना पड़ता है। कतर के इस जंबो जेट को भी एक अनुशासित इंजीनियरिंग प्रक्रिया के तहत अपग्रेड किया गया है, जिसमें देश के कमांडर-इन-चीफ की सुरक्षा और संचार क्षमताओं को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। वायुसेना ने बताया कि विमान के भीतर कतर के राष्ट्राध्यक्ष के समय वाले मूल लेआउट और शानदार इंटीरियर को काफी हद तक बरकरार रखा गया है, जिससे इसका भव्य लुक बना हुआ है। लागत: इस विमान के सैन्य और सुरक्षा आधुनिकीकरण पर करीब 400 मिलियन डॉलर (लगभग 3,300 करोड़ रुपये) से कम का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है।
अगले महीने तुर्की और चीन की उड़ानों पर दिखेगा नया विमान
राष्ट्रपति ट्रंप ने पुष्टि की है कि वे अगले महीने अंकारा (तुर्की) में होने वाले नाटो (NATO) शिखर सम्मेलन में पहली बार इसी नए जेट से उड़ान भरेंगे। इसके बाद नवंबर में चीन द्वारा आयोजित होने वाले एपेक (APEC) शिखर सम्मेलन में भी वे इसी से जाएंगे। इसी सप्ताह फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन से उनकी वापसी पुराने एयर फोर्स वन विमान पर आखिरी तय यात्रा थी।
