Trump on Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका ईरान को लेकर जल्द फैसला करेगा और इसका नतीजा ‘आसान तरीके’ से या ‘मुश्किल तरीके’ से सामने आएगा। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान पहले ही बुरी तरह कमजोर हो चुका है। हालांकि, उन्होंने अपने अगले कदम को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)
ईरान पर फैसले को लेकर ट्रंप का बयान
व्हाइट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा, “ईरान पर एक फैसला है जो मुझे लेना है। ईरान को तबाह कर दिया गया है। इसलिए एकमात्र सवाल यह है कि यह आसान तरीके से होगा या मुश्किल तरीके से।” ट्रंप ने अपने संभावित कदमों या उनकी समयसीमा के बारे में कोई और जानकारी नहीं दी। उन्होंने दावा किया था कि ईरान के मामले में स्थिति उनके पक्ष में आगे बढ़ रही है और ईरान की हालत ठीक नहीं है।
ट्रंप बोले- योजना बताऊंगा तो बड़ी खबर बन जाएगी
इससे एक दिन पहले भी ट्रंप से ईरान को लेकर उनकी अगली रणनीति के बारे में सवाल किया गया था। तब उन्होंने कहा था कि यदि वह अपनी योजना बता देंगे तो यह बड़ी खबर बन जाएगी। ट्रंप ने कहा था कि चीजें अच्छी तरह आगे बढ़ रही हैं और “ईरान अच्छा नहीं कर रहा है।”
ईरान युद्ध जल्द खत्म होने का दावा
ट्रंप इससे पहले भी दावा कर चुके हैं कि ईरान के साथ युद्ध जल्द खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा था कि ईरान की अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता को भारी नुकसान पहुंचा है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईरान के पास पैसा और मुद्रा नहीं बची है और उसकी सेना, नौसेना और वायुसेना को नुकसान हुआ है। ट्रंप ने कहा था कि संघर्ष खत्म होने के बाद तेल की कीमतों में तेज गिरावट आ सकती है। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान के साथ मौजूदा स्थिति का जल्द समाधान हो सकता है।
