Donald Trump Mug Shot : अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ट्विटर यानी 'X' पर वापसी हो गई है। करीब दो साल के बाद उन्होंने पहली बार ट्वीट किया है। ट्रंप का यह ट्वीट भी खास है। दरअसल, उन्होंने फुलटॉन काउंटी जेल में खींची गई अपनी 'मगशॉट' तस्वीर शेयर की है। पूर्व राष्ट्रपति के इस ट्वीट पर एलन मस्क ने भी प्रतिक्रया दी है। मस्क ने ट्रंप को री-ट्वीट करते हुए 'नेक्स्ट लेवल' कहा है। 'X'के मालिक के इस ट्वीट के कई मतलब निकाले जा रहे हैं। 'मग शॉट' तस्वीर आमतौर पर किसी आरोपी या सजा मिल चुके शख्स की गिरफ्तारी के बाद लिया जाता है।
डोनाल्ड ट्रंप ने शेयर की अपनी 'मगशॉट' तस्वीर।
जेल में 20 मिनट तक रहे ट्रंप, फिर मिली जमानत
गुरुवार का दिन ट्रंप के लिए काफी अहम रहा। उन्हें 2020 के जार्जिया के चुनाव परिणामों को पलटने की साजिश के आरोप में जेल में सरेंडर करना पड़ा। हालांकि, 2 लाख डॉलर का जुर्माना भरने के बाद 20 मिनट के भीतर ही उनकी जेल से रिहाई हो गई। जेल में अधिकारियों ने आरोपी के रूप में उनकी तस्वीर खींची जिसे 'मगशॉट' कहा जाता है। बाद में अपनी इस तस्वीर को ट्रंप ने ट्विटर पर शेयर किया।
'चुनाव में दखल! कभी सरेंडर नहीं!'
ट्विटर 'X' पर अपनी तस्वीर शेयर करते हुए ट्रंप ने लिखा 'चुनाव में दखल! कभी सरेंडर नहीं!' 2020 के राष्ट्रपति पद चुनाव के नतीजे ट्रंप के खिलाफ गए। इसके बाद चुनाव नतीजों पर अपनी नाखुशी जाहिर करते हुए ट्रंप ने अपने समर्थकों के लिए कई ट्वीट किए। रिपोर्टों के मुताबिक ट्रंप के ट्वीट के बाद उनके समर्थक भड़क गए और छह जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद कैपिटल हिल पर धावा बोल दिया। कैपिटल हिल में समर्थकों ने काफी उत्पात मचाया और हिंसा की। बाद में ट्विटर एवं फेसबुक ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर ट्रंप का अकाउंट बंद कर दिया।
अपना सोशल मीडिया 'ट्रूथ सोशल' लेकर आए ट्रंप
इसके बाद ट्रंप ने कहा कि वह अपना सोशल मीडिया लेकर आएंगे। कुछ समय बाद ट्रंप ने अपना सोशल मीडिया 'ट्रूथ सोशल' शुरू किया। इसके बाद वह इस प्लेटफॉर्म के जरिए अपने समर्थकों से जुड़े और उनसे संवाद किया। 'ट्रूथ सोशल' पर ट्रंप के 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं। जबकि ट्विटर उनके फॉलोअर्स की संख्या अभी भी 88 मिलियन बनी हुई है।
