Russia Ukraine Ceasefire: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर का दावा किया। ट्रंप ने दावा किया कि दोनों देशों ने तीन दिनों के पूर्ण संघर्षविराम (Ceasefire) की घोषणा की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि 9, 10 और 11 मई को दोनों देशों के बीच सभी सैन्य गतिविधियां रुकी रहेंगी। इस समझौते की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी 2,000 युद्धबंदियों की रिहाई है, जिसमें दोनों देश एक-दूसरे के 1,000 कैदियों को वापस सौंपेंगे।
ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच सीजफायर का किया दावा (फाइल फोटो)
रूस-यूक्रेन के बीच बनी बात
ट्रंप ने स्पष्ट किया कि 9 मई को रूस में मनाए जाने वाले 'विजय दिवस' का महत्व यूक्रेन के लिए भी उतना ही है, क्योंकि द्वितीय विश्व युद्ध में उनकी भी बड़ी भूमिका थी, और इसी साझा विरासत को शांति का आधार बनाया गया है। राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, यह समझौता उनके सीधे हस्तक्षेप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन व यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के साथ व्यक्तिगत बातचीत के बाद संभव हो पाया है।
'लगातार आगे बढ़ रही शांति वार्ता'
ट्रंप ने दोनों नेताओं की सहमति की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि यह अल्पकालिक सीजफायर इस विनाशकारी युद्ध के अंत की शुरुआत साबित होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि शांति वार्ता लगातार आगे बढ़ रही है और दुनिया इस समय द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े सैन्य संघर्ष को पूरी तरह समाप्त करने के बेहद करीब है। वैश्विक समुदाय अब इस तीन दिवसीय विराम को एक स्थाई शांति समझौते की पहली बड़ी उम्मीद के रूप में देख रहा है।
जेलेंस्की ने की पुतिन की आलोचना
रूस में हर साल नौ मई को 'विजय दिवस' समारोह का आयोजन होता है। इस दौरान, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस की आलोचना करते हुए कहा कि क्रेमलिन को 'विजय दिवस' परेड आयोजित करने की जगह युद्ध का स्थायी समाधान निकालने की दिशा में काम करना चाहिए। हालांकि, यूक्रेन ने तीन दिनों तक युद्ध नहीं करने की बात कही है।
