Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को कहा कि 'ईरान में अमेरिका वही कर रहा है जो उसने वेनेजुएला में किया।' अमेरिकी राष्ट्रपति ने जोर देकर कहा कि तेहरान के साथ डील करना वह पसंद करेंगे लेकिन वह उसे न्यूक्लियर हथियार बनाने की कभी इजाजत नहीं देंगे। लास वेगास में लोगों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने अपने हमलों से तेहरान को कमजोर कर दिया है और वह बातचीत के लिए तैयार है। अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता अभी फिलहाल रुकी हुई है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'वेनेजुएला में यह 48 मिनट का युद्ध था और हमने उस युद्ध की कीमत वहां से जो हासिल किया, उससे वसूल कर ली। विजेता को युद्ध की लूट मिलती है और हम इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के साथ भी वही कर रहे हैं। हम उन पर जबरदस्त कार्रवाई कर रहे हैं। हालांकि, मैं समझौता करना पसंद करूंगा क्योंकि मैं लोगों को मरते हुए नहीं देखना चाहता।' ट्रंप ने दावा किया कि ईरान द्वारा बातचीत की इच्छा जताने के बाद अमेरिका की एक कहीं बड़ी सैन्य कार्रवाई रोक दी गई।
सबसे बड़े हमले के लिए तैयार थे-अमेरिकी राष्ट्रपति
उन्होंने कहा, 'हम द्वितीय विश्व युद्ध के बाद के सबसे बड़े हमले के लिए तैयार थे। तभी उन्होंने मुझे फोन किया और कहा, 'कृपया ऐसा मत कीजिए, आइए बात करते हैं।' बाद में उन्होंने कहा कि हमने ऐसा कभी नहीं कहा। आप जानते हैं कि फेक न्यूज क्या करती है। लेकिन उन्होंने ऐसा कहा था और अब हम बातचीत कर रहे हैं। देखते हैं क्या होता है।' ट्रंप ने कहा कि हालिया घटनाक्रम के बाद ईरान अब अमेरिका का सम्मान करता है और उन्होंने दोहराया कि तेहरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिए जाएंगे।
ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए-ट्रंप
उन्होंने कहा, 'वे हमारा सम्मान करते हैं। किसी भी दूसरे राष्ट्रपति ने वह नहीं किया जो बहुत पहले किया जाना चाहिए था, क्योंकि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होने चाहिए।' वेनेजुएला का उल्लेख करते हुए ट्रंप ने अमेरिकी आव्रजन एजेंसी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एन्फोर्समेंट की भी सराहना की और वेनेजुएला के कुख्यात गैंग ट्रेन दे अरागुआ के खिलाफ कार्रवाई का जिक्र किया।
'हम वेनेजुएला से काफी मात्रा में तेल ले रहे'
उन्होंने कहा, 'ICE हमारे सबसे बड़े देशभक्तों में से है। ये लोग वेनेजुएला के ट्रेन दे अरागुआ गैंग के खिलाफ जो कार्रवाई करते हैं, वह शानदार है। लेकिन अब मुझे वेनेजुएला पसंद है। हम वहां से काफी मात्रा में तेल ले रहे हैं और हमारे उनके साथ अच्छे संबंध हैं।' ट्रंप ने वेनेजुएला को दुनिया के सबसे समृद्ध तेल उत्पादक देशों में से एक बताया और कहा कि अमेरिका को कराकास के साथ अपने संबंधों से लाभ मिला है। यह बयान ऐसे समय आया है जब ट्रंप ने कुछ घंटे पहले पत्रकारों से कहा था कि ईरान के साथ बातचीत में 'काफी प्रगति' हुई है और ईरानी अधिकारियों ने बातचीत के लिए संपर्क किया है। उन्होंने कहा कि अगले 48 घंटों में स्थिति अधिक स्पष्ट हो जाएगी और यदि तेहरान वॉशिंगटन के साथ समझौता करता है तो यह उसकी 'बहुत समझदारी' होगी।
