Congo Military Plane Crash: मध्य अफ्रीकी देश 'डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो' (DRC) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार को एक सैन्य विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार सभी 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मरने वालों में कांगो सेना के तीन वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब विमान हवा में ही किसी गंभीर तकनीकी खराबी का शिकार हो गया था।
आसमान में ही खराब हुआ सैन्य विमान (प्रतीकात्मक फोटो)
क्वांगो प्रांत के उप-राज्यपाल रेमी साकी बोकिंदा के अनुसार, यह सैन्य विमान किकविट शहर से उड़ान भरकर देश की राजधानी किंशासा की ओर जा रहा था। रास्ते में ही विमान में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके बाद पायलट ने क्वांगो प्रांत के केंगे इलाके में आपातकालीन लैंडिंग कराने की कोशिश की। हालांकि, केंगे में कोई भी हवाई पट्टी (लैंडिंग स्ट्रिप) उपलब्ध न होने के कारण बेकाबू विमान सीधे एक रिहाइशी इलाके में जा गिरा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'समुद्र में नाविकों पर हमले बर्दाश्त नहीं', UNGA में जयशंकर ने दुनिया के सामने रखा PM मोदी का बड़ा प्लान
जमीन से टकराते ही विमान में लगी भीषण आग
हादसा इतना भीषण था कि जमीन से टकराते ही विमान में भीषण आग लग गई। इस प्लेन क्रैश में कांगो सेना के ऑडिटर जनरल 'जनरल लिकुलिया बाकुमी', एक मेजर, एक कैप्टन, अन्य सैन्य कर्मियों और कुछ नागरिकों सहित कुल 13 लोगों की जान चली गई। उप-राज्यपाल ने बताया कि 12 लोगों के शव इस कदर जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है, जबकि पायलट का बेजान शरीर विमान के मलबे से बाहर पड़ा मिला।
विमानन दुर्घटना जांच संस्था का आया बयान
कांगो सरकार की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि देश की 'विमानन दुर्घटना जांच संस्था' ने हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। पूर्वी हिस्से में विद्रोहियों के साथ जारी संघर्ष के बीच सेना के इतने वरिष्ठ अधिकारियों का इस तरह हादसे में मारा जाना कांगो के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
