साइबर हमलों से यूरोपीय सुपरमार्केट शृंखलाओं का कामकाज प्रभावित हुआ है। फ्रांस में सैकड़ों स्टोरों में प्रशीतन प्रणालियों के अत्यधिक गर्म होने की समस्या आई, जबकि एक प्रमुख किराना कंपनी को यूरोप और अमेरिका में ग्राहकों के लिए अपनी वेबसाइटें बंद करनी पड़ीं।फ्रांस के वित्त मंत्री रोलां लेस्क्योर ने मंगलवार को संसद को बताया कि देश के 10,000 सुपरमार्केट में से करीब 700 इस हमले से प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस की खाद्य आपूर्ति को कोई खतरा नहीं है, लेकिन स्वीकार किया कि यह हमला 'हमारी खाद्य सुरक्षा के केंद्र पर चोट करता है',उन्होंने कहा,'यह सभी के लिए सतर्क रहने का संकेत है।'
प्रतीकात्मक फोटो
पेरिस के अभियोजक कार्यालय ने मंगलवार को बताया कि उसकी साइबर अपराध इकाई बड़े पैमाने पर हुए इस हमले की जांच कर रही है। जांच में खाद्य पदार्थों के खराब होने से हुए नुकसान और संभावित आग लगने की घटनाओं के पहलुओं को भी शामिल किया गया है।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: डिजिटल अरेस्ट और निवेश ठगी का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, कंबोडिया तक जुड़े तार; 11 आरोपी गिरफ्तार
'कंपनी के 2,000 स्टोर में से 80 इस हमले से प्रभावित हुए'
फ्रांस की किराना सुपरमार्केट शृंखला ’कोऑपरेटिव यू’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डोमिनिक शेल्शेर ने कहा कि कंपनी के 2,000 स्टोर में से 80 इस हमले से प्रभावित हुए।उन्होंने ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि ज्यादातर स्टोरों में रेफ्रिजरेशन व्यवस्था को बाधित होने से बचा लिया गया, लेकिन कुछ स्टोरों को खाद्य पदार्थ फेंकने पड़े।शेल्शेर ने कहा, 'ताजे उत्पादों को सुरक्षित रखने के लिए जरूरी उपकरणों को निशाना बनाना फ्रांस की खाद्य आपूर्ति शृंखला पर हमला है। यह अभूतपूर्व, बेहद गंभीर और अस्वीकार्य है।'
'हमले से प्रभावित ज्यादातर प्रणालियां पुरानी थीं'
प्रशीतन प्रणालियों के प्रबंधन के लिए सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने वाली डेनमार्क की प्रौद्योगिकी कंपनी डैनफॉस ने सोमवार को कहा कि हमले से प्रभावित ज्यादातर प्रणालियां पुरानी थीं, जिनके लिए अब सॉफ्टवेयर या सुरक्षा संबंधी अपडेट जारी नहीं किए जाते थे।इसी बीच, नीदरलैंड की दिग्गज सुपरमार्केट कंपनी अहोल्ड डेलहाइज ने मंगलवार को कहा कि वह सुरक्षा संबंधी एक समस्या के बाद बंद की गई प्रणालियों को बहाल करने के लिए काम कर रही है। कंपनी ने इस घटना को सुरक्षा संबंधी समस्या बताया है।
यह कंपनी नीदरलैंड में अल्बर्ट हाइजन, बेल्जियम में डेलहाइज और अमेरिका में स्टॉप एंड शॉप सुपरमार्केट का संचालन करती है। कंपनी ने इस बारे में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।अहोल्ड डेलहाइज ने कहा कि उसके पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि ग्राहकों या कर्मचारियों का डेटा चोरी हुआ है।
