Coup in Syria: सीरिया में व्रिद्रोहियों ने तख्तापलट कर दिया है। इसी के साथ असद परिवार के पिछले 50 साल के शासन का भी अंत हो गया। रविवार सुबह सीरियन विद्रोही कई बड़े शहरों पर कब्जा करते हुए राजधानी दमिश्म में घुस गए। इसके बाद राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर भाग गए। राष्ट्रपति असद के देश छोड़ने के कुछ देर बाद सीरिया के प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी जलाली ने शांतिपूर्ण तरीके से विपक्ष को सत्ता सौंपने की घोषणा कर दी है।
सीरिया में तख्तापलट।
सीरिया के प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी जलाली ने एक वीडियो बयान जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा है कि वह शासन की बागडोर शांतिपूर्ण तरीके से विपक्ष को सौंपने को तैयार हैं। जलाली ने कहा, मैं अपने आवास पर ही हूं और कहीं नहीं गया हूं और यह इसलिए क्योंकि मुझे अपने देश से प्रेम है। उन्होंने कहा कि वह सुबह काम करने के लिए अपने कार्यालय जाएंगे साथ ही उन्होंने सीरियाई नागरिकों से सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने हालांकि राष्ट्रपति बशर अल-असद के देश छोड़कर जाने संबंधी खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। असद कहां है इस बारे में संयुक्त अरब अमीरात की ओर से भी कोई जानकारी सामने नहीं आई है, असद के परिवार की दुबई में काफी संपत्ति है।
अज्ञात स्थान पर रवाना हुए राष्ट्रपति असद
सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़कर किसी अज्ञात स्थान पर चले गए हैं। सीरियाई विपक्षी युद्ध निगरानी संस्था के प्रमुख ने यह जानकारी दी। सीरियन ऑब्ज़र्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के रामी अब्दुर्रहमान ने बताया कि असद ने रविवार तड़के दमिश्क से उड़ान भरी। अब्दुर्रहमान ने यह जानकारी ऐसे समय में दी जब सीरियाई विद्रोहियों ने दमिश्क में घुसने की घोषणा की है। राजधानी के निवासियों ने गोलीबारी और विस्फोटों की आवाज सुनीं। इस संबंध में सीरिया सरकार की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया।
