Mojtaba Khamenei : ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई की सेहत पर एक बार चर्चा होने लगी है। इजराइली मीडिया ने दावा किया है कि मोजतबा की हालत नाजुक है और 'दुनिया को किसी भी वक्त उनकी मौत की खबर मिल सकती है।' बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हवाई हमले में मोजतबा के पिता एवं ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई की मौत हो गई। उनकी मौत के बाद मोजतबा को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया लेकिन वह कभी सार्वजनिक रूप से देखे नहीं गए है।
ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई।
28 फरवरी के हमले में घायल हुए मोजतबा
बताया जाता है कि इस हमले में मोजतबा गंभीर रूप से घायल हुए। इस हमले में उसके पैर और पेट में गंभीर चोट आई, तब से उनका इलाज चल रहा है। हालांकि, बीच-बीच में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) उनका बयान जारी करता रहा है। मोजतबा जुलाई के पहले सप्ताह में आयोजित अपने पिता के अंतिम संस्कार में भी नजर नहीं आए। उस वक्त बताया गया कि सुरक्षा वजहों से वह अपने पिता की अंतिम यात्रा में शामिल नहीं हुए।
मोजतबा की खराब स्वास्थ्य की अटकलों एवं रिपोर्टों को ईरान खारिज करता आया है लेकिन इजराइली मीडिया में दावा किया गया है कि मोजतबा नाजुक हालत में हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इजराइल के मीडिया सस्थान चैनल 14 के मुताबिक मोजतबा की हालत 'बेहद नाजुक' है। न्यूज चैनल ने ईरान के सूत्रों के हवाले यह दावा किया है।
ईरान वायर ने भी किए इसी तरह के दावे
रिपोर्ट में ईरान वायर के दावों का भी जिक्र किया गया है। ईरान वायर ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के प्रशासन के करीबी सूत्रों के हवाले से लगभग इसी तरह के दावे किए हैं। आउटलेट ने दो सूत्रों के हवाले से कहा कि 28 फरवरी को सुप्रीम लीडर के परिसर पर हुए अमेरिकी हमले में उनके पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की मौत के बाद से मोजतबा खामेनेई ने कैबिनेट के किसी भी सदस्य से मुलाकात नहीं की है। एक सूत्र ने दावा किया कि मोजतबा खामेनेई 'किसी भी वक्त दम तोड़ सकते हैं' और उनकी हालत से जुड़ी खबर फिलहाल ईरान के शीर्ष नेतृत्व के बीच चर्चा में है। पेजेश्कियन के मंत्रिमंडल के करीबी एक सूत्र ने कहा कि उनकी शारीरिक स्थिति खराब है। सूत्र के मुताबिक, 'अगर जल्द ही उनकी शहादत की खबर आती है तो हमें हैरानी नहीं होगी।'
'इस समय उनसे संवाद करना बहुत मुश्किल है'
हालांकि, ईरानी अधिकारी इससे पहले खामेनेई के गंभीर रूप से घायल या अक्षम होने की खबरों को खारिज कर चुके हैं। उनका कहना था कि फरवरी में हुए हमले में उन्हें गंभीर चोटें नहीं आई थीं। वहीं, ईरानी राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने हाल ही में स्वीकार किया था कि मौजूदा समय में सुप्रीम लीडर से संपर्क करना 'बहुत मुश्किल' है। इसके बावजूद पेजेश्कियन ने जोर देकर कहा कि खामेनेई अभी भी सरकार के लिए ताकत का एक महत्वपूर्ण स्रोत हैं। ईरानी सरकारी मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में पेजेश्कियन ने कहा, 'इस समय उनसे संवाद करना बहुत मुश्किल है, लेकिन किसी भी स्थिति में, उनकी मौजूदगी हमारे लिए बहुत बड़ी ताकत है, जिससे हम आगे काम जारी रख सकते हैं।'
