Mark Carney Mocks Donald Trump: कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने टोरंटो में आवास नीति पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तकनीकी खराबी आने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हल्के-फुल्के अंदाज में तीखा राजनीतिक तंज कसा है। भाषण के दौरान जैसे ही उनका टेलीप्रॉम्पटर अचानक बंद हो गया, कार्नी ने मुस्कुराते हुए चुटकी ली और कहा, 'मैं आपको बताना चाहता हूं कि टेलीप्रॉम्प्टर ने काम करना बंद कर दिया। दुनिया के एक खास नेता के उलट, मैं इसे कोई साजिश नहीं मानता।' उनकी इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद पूरा हॉल ठहाकों से गूंज उठा।
टेलीप्रॉम्प्टर में खराबी के बाद कनाडाई PM ने ट्रंप का मजाक उड़ाया, कहा- 'मैं इसे साजिश नहीं मानता'
कनाडाई पीएम मार्क कार्नी की यह टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) दौरे के दौरान हुए एक चर्चित विवाद के संदर्भ में देखी जा रही है। दरअसल, पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र में भाषण के दौरान जब ट्रंप का टेलीप्रॉम्पटर और एस्केलेटर खराब हुआ था, तब उन्होंने इसे अपने खिलाफ एक बड़ी साजिश और 'सभ्यताओं की तोड़फोड़' करार देते हुए जांच की मांग की थी।
कार्नी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार नीतियों, टैरिफ (शुल्क) और ट्रम्प द्वारा कनाडा को 'अमेरिका का 51वां राज्य' बनाने से जुड़ी बार-बार की जा रही बयानों के कारण रिश्ते तनावपूर्ण बने हुए हैं।
अमेरिका-कनाडा संबंधों में कड़वाहट और कार्नी का कड़ा रुख
कनाडा के प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद से ही मार्क कार्नी ने देश के आर्थिक हितों की रक्षा के लिए अमेरिका के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है। पीएम कार्नी ने खुले तौर पर आलोचना की है कि अमेरिका द्वारा कूटनीतिक और व्यापारिक संबंधों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। कनाडाई सरकार अब व्यापार, रक्षा और अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति के मामलों में अमेरिका पर अपनी ऐतिहासिक निर्भरता को कम करने और नए वैश्विक साझेदार तलाशने पर जोर दे रही है।
इस घटनाक्रम पर फिलहाल कनाडाई प्रधानमंत्री कार्यालय और अमेरिकी व्हाइट हाउस की तरफ से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया है, लेकिन कार्नी के इस बयान ने दोनों देशों के बीच जारी कूटनीतिक खींचतान को और हवा दे दी है।
