Bangladesh Elections: बांग्लादेश की मोहम्मद युनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को बड़ा झटका दिया है। अंतरिम सरकार ने कहा कि अवामी लीग को फरवरी 2026 के आम चुनावों में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना और अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनुस (फाइल फोटो)
अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के प्रेस सचिव शफिकुल आलम ने कहा कि अवामी लीग, जिसकी राजनीतिक गतिविधियों पर वर्तमान में देश में प्रतिबंध है, आगामी राष्ट्रीय चुनावों में हिस्सा नहीं ले सकेगी।
अवामी लीग पर नहीं लड़ सकेगी चुनाव
बुधवार को अंतरिम सरकार की सलाहकार परिषद की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में आलम ने अमेरिकी सांसदों द्वारा अवामी लीग पर प्रतिबंध के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य सलाहकार को भेजे गए पत्र के बारे में पूछे जाने पर कहा कि उन्होंने यह पत्र नहीं देखा है और इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट किया कि अवामी लीग के संबंध में सरकार की स्थिति स्पष्ट है।
उन्होंने कहा, "अवामी लीग की गतिविधियों पर प्रतिबंध है और चुनाव आयोग ने पार्टी को रद्द कर दिया है, इसलिए अवामी लीग इस चुनाव में भाग नहीं ले सकेगी।" समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी का पंजीकरण निलंबित कर दिया गया है और इसके नेता अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय में मुकदमे का सामना कर रहे हैं। मई में, अंतरिम सरकार ने बांग्लादेश अवामी लीग और इसके संबद्ध, सहयोगी और अनुकरणीय संगठनों की सभी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए गजट अधिसूचना जारी की थी।
शेख हसीना की गिरा दी थी सरकार
पिछले साल जुलाई में छात्र नेतृत्व वाले विद्रोह ने शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया था जिसके बाद पहली बार बांग्लादेश में आम चुनाव हो रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के बिना चुनाव, चुनाव नहीं, बल्कि ताजपोशी होगी, क्योंकि अवामी लीग को आगामी चुनावों में भाग लेने से प्रतिबंधित किया गया है। शेख हसीना ने कहा कि अवामी लीग के बिना चुनाव कोई चुनाव नहीं, बल्कि ताजपोशी है। यूनुस बिना किसी वोट के शासन कर रहे हैं, और अब वे उस पार्टी को प्रतिबंधित करने की कोशिश कर रहे हैं जिसे जनता ने 9 बार चुना है।"
