Pakistan News : पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद वहां गृह युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। माहौल आराजक हो गया है। इमरान खान के समर्थक सड़कों पर हैं वे सेना पर हमले कर रहे हैं। सेना के कमाडरों के घरों में लूटपाट की जा रही है। चारों तरफ हिंसा, आगजनी और अव्यवस्था फैल गई है। रिपोर्टों की मानें तो पीटीआई समर्थकों के उत्पात एवं बवाल को दबाने के लिए सेना के कोर कमांडरों की आपात बैठक चल रही है। लोगों का कहना है कि स्थितियां अगर नहीं सुधरीं तो कानून-व्यवस्था संभालने के लिए सेना आगे आ सकता है। यहां तक कि देश में मार्शल लॉ भी लागू किया जा सकता है।
मोर पकड़कर ले गए इमरान समर्थक
पाकिस्तान में हो रहे बवाल के कई वीडियो सोशल मीडिया में सामने आए हैं। इन वीडियोज में इमरान समर्थकों को सेना के प्रतिष्ठानों एवं उनके घरों पर हमले करते हुए देखा जा सकता है। एक सैन्य कमांडर के घर से मोर को पकड़कर ले जाया गया तो कहीं से ट्राफी लूट ली गई है। जगह-जगह पर सेना पर इमरान समर्थक हमले कर रहे हैं। मियांवाली में भी इमरान समर्थकों का गुस्सा देखने को मिला है। यहां समर्थक एयरफोर्स दफ्तर में दाखिल हो गए और डमी फाइटर को जला दिया।
कराची में 250 लोग गिरफ्तार
वहीं, कराची में बवाल के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 250 लोगों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान समर्थकों के जारी उत्पात पर नियंत्रण पाने के लिए पाकिस्तानी रेंजर्स भी बल का इस्तेमाल कर रही है। एक वीडियो में रेंजर्स प्रदर्शनकारी महिला का बाल पकड़कर खींचते हुए नजर आए। पीटीआई समर्थकों का कहना है कि पुलिस महिलाओं को निशाना बना रही है।
इमरान ने अपनी हत्या की आशंका जताई
बता दें कि इमरान खान को मंगलवार को अर्धसैनिक बलों ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह भ्रष्टाचार के एक मामले में सुनवाई के लिये इस्लामाबाद हाईकोर्ट में मौजूद थे। इससे एक दिन पहले ही खान ने देश की सेना पर कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। उनकी पार्टी ने क्रिकेटर से नेता बने 70 वर्षीय खान की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। इस बीच, इमरान खान ने कोर्ट को बताया है कि उनकी जान को खतरा है। उन्हें 24 घंटे से बाथरूम नहीं जाने दिया गया है। खान का दावा है कि उन्हें इंजेक्शन देकर मारा जा सकता है। पीटीआई नेता ने अपनी हत्या की आशंका जताई है।
