उत्तर अफ्रीकी देश अल्जीरिया से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार को एक भयानक सड़क हादसे में कम से कम 25 यात्रियों की जान चली गई, जबकि 44 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रियों से भरी एक बस सेतीफ शहर से अल्जीरिया की राजधानी अल्जीयर्स की ओर जा रही थी। अल्जीरिया के नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, राजधानी अल्जीयर्स से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित 'एल कर्मा' क्षेत्र में पहुंचते ही बस चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया।
अल्जीरिया में भीषण सड़क हादसा (फोटो: प्रतीकात्मक)
इसके बाद बस तेज रफ्तार में सड़क से फिसलकर सीधे एक गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और नागरिक सुरक्षा विभाग की बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। एंबुलेंस और राहत दलों की मदद से घायलों को खाई से निकालकर पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'मासूमों पर चला रहा अंधाधुंध गोलियां...', PoJK मुद्दे पर भारत ने पाकिस्तान को किया बेनकाब, रूस व ब्रिक्स समिट पर MEA ने साफ किया रुख
देश में तीन दिनों का राष्ट्रीय शोक का ऐलान
इस दर्दनाक त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अल्जीरिया के राष्ट्रपति अब्देलमजीद तेब्बौने ने देश भर में तीन दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। सरकारी मीडिया के अनुसार, राष्ट्रपति ने पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
हादसे ने देश में सड़क सुरक्षा को लेकर खड़े किए कई गंभीर सवाल
गौर करने वाली बात यह है कि अल्जीरिया में हादसों का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले 15 अगस्त 2025 को भी अल्जीयर्स में एक सार्वजनिक बस सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए नीचे नदी में गिर गई थी, जिसमें 18 लोगों की मौत हुई थी। लगातार हो रहे इन हादसों ने देश में सड़क सुरक्षा और यात्री वाहनों की स्थिति पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
