Earthquake in Tibet: चीन में तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के शिगाजे शहर में मंगलवार (7 जनवरी) को रिक्टर पैमाने पर 6.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें लगभग 100 लोग मारे गए और लगभग 1,000 घर क्षतिग्रस्त हो गए, इस घटना में काफी लोग घायल हुए हैं। इसका केंद्र माउंट एवरेस्ट से लगभग 75 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में और नेपाल के करीब था, लेकिन वहां कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
तिब्बत में भूकंप
क्षेत्रीय आपदा राहत मुख्यालय के अनुसार, चीन में तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र के जिगाजे शहर में डिंगरी काउंटी में मंगलवार सुबह 9:05 बजे (बीजिंग समयानुसार) भूकंप आया।
सरकारी शिन्हुआ ने बताया कि 6.8 तीव्रता के भूकंप के दौरान 100 लोग मारे गए और काफी लोग घायल हो गए। भूकंप का केंद्र 28.5 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.45 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था। सरकारी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र द्वारा जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, भूकंप 10 किमी की गहराई पर आया।
नेपाल में दहशत
इस बीच नेपाल के काठमांडू में तेज भूकंप ने लोगों को घरों से बाहर भागने पर मजबूर कर दिया। कावरेपालंचवोक, सिंधुपालंचोक धाडिंग और सोलुखुम्बु जिलों में भी इसे महसूस किया गया। काठमांडू में दहशत के कारण कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने कुछ देर तक सड़कों पर पेड़ों और बिजली के तारों को हिलते देखा।
यूएसजीएस की रिपोर्ट के अनुसार, सुबह 7 बजे के आसपास एक घंटे के अंतराल में 4 से 5 तीव्रता वाले कम से कम आधा दर्जन झटके भी दर्ज किए गए। भूकंप का झटका इतना तेज था कि नेपाल के लोग भयभीत हो गए और उन्हें 2015 के भीषण भूकंप की याद आ गई जिसमें 9,000 लोग मारे गए थे। हालांकि, नेपाल पुलिस के प्रवक्ता का कहना है कि अभी तक उन्हें किसी बड़ी शारीरिक क्षति या मानवीय क्षति के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। नेपाल पुलिस के प्रवक्ता बिश्वो अधिकारी ने कहा, चूंकि भूकंप का केंद्र तिब्बत में था, इसलिए उत्तरी नेपाल में रहने वाले लोगों ने तेज झटके महसूस किए।
