One Lakh Cockroaches in House: कुछ लोगों को कुत्ते-बिल्ली पालने का शौक होता है तो कई लोगों को खरगोश जैसे जानवरों को पालने का शौक होता है। दूसरी तरफ एक महिला को कॉकरोच पालने का शौक था। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इस महिला ने अपने घर में 100-200 नहीं बल्कि एक लाख से ज्यादा कॉकरोच पाल रखे थे। इसके अलावा महिला ने 300 अन्य जानवरों को भी अपने घर में बंद करके रखा था। इसकी भनक जब अधिकारियों को लगी तो उनके होश ही उड़ गए।
घर में कॉकरोच (फोटो क्रेडिट- सोशल मीडिया)
महिला के घर में मिले 300 से ज्यादा जानवर
अमेरिका की इस महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि 51 साल की महिला सामाजिक कार्यकर्ता है। दरअसल, महिला के घर में एक मरीज ने गलती से फायर अलार्म बजा दिया था। इसके बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी महिला के घर पहुंच गई। उस वक्त महिला अपने घर में कुछ मरीजों से मिल रही थी। जब फायर ब्रिगेड के दमकलकर्मियों ने महिला के घर में प्रवेश किया तो उनकी हैरानी का ठिकाना नहीं रहा। महिला ने अपने घर में 1 लाख कॉकरोच, 150 पक्षी, सात कछुए, तीन सांप, 118 खरगोश और 15 बिल्लियों को पाल रखा था।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि महिला के घर की हवा इतनी हानिकारक थी कि कोई भी अंदर नहीं जा पा रहा था। इस वजह से बचाव दल को हेज़-मैट सूट पहनना पड़ा। वहीं सफ़ोक काउंटी के अभियोजक ने बताया कि महिला के घर का माहौल बेहद भयानक था।
उसके घर की फर्श पर हर तरफ पेशाब और मल पड़े थे। इसके बाद महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरी तरफ महिला के दोस्तों का कहना है कि उसे जानवरों से बेहद लगाव था। उनके दोस्त उन्हें इस वजह से प्यार से ‘स्नो व्हाइट' कहते थे।
महिला के दोस्तों का कहना है कि जब कोई जानवर उसे बेघर मिलता था तो वह उसे अपने घर लाती थी, क्योंकि वह नहीं चाहती थी कि कोई जानवर बेघर हों। वहीं महिला का कहना है कि उसने अपना सारा पैसा जानवरों को एक अच्छा घर देने की कोशिश में खर्च कर डाला।
