Viral Video: सोशल मीडिया पर नेपाल का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि एक नेपाल का लोकल शख्स भारतीय पर्यटकों को सड़क पर गुटखा थूकने पर उन्हें फटकार लगाते दिखाई दे रहा है। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर जोरदार बहस शुरू हो गई।
पर्यटकों से गुटखा साफ करवाता नेपाली व्यक्ति (Instagram/@rajulmc4672)
चलती गाड़ी से थूक रहे थे गुटखा
वीडियो (Video) में दिखाया गया है कि कुछ भारतीय पर्यटक चलती गाड़ी से सड़क पर गुटखा थूक रहे थे। तभी वहां मौजूद एक नेपाली युवक ने यह देख लिया और तुरंत उन्हें रोक लिया। वीडियो में उस नेपाली युवक को पर्यटकों से कहते हुए सुना जा सकता है कि, “ये भारत नहीं है भाई… नेपाल है… जल्दी पानी डालो।” फिर आगे वह कहता है कि, "तुम लोग भारत जैसे बड़े देश से आते हो फिर भी तुमलोगों को कुछ समझ में नहीं आता।"
ये भी पढ़ें:
पर्यटकों से करवाई सफाई
वीडियो में देखा जा सकता है कि वे पर्यटक उस नेपाली युवक की बात सुनकर काफी शर्मिंदा हो गए। उन्होंने इसके लिए नेपाली युवक से माफी भी मांगी, लेकिन युवक ने सिर्फ माफी से बात खत्म नहीं की। उनसे कहा कि जहां गुटखा थूका है, वहां पानी डालकर उसे साफ करो। इसके बाद उनमें से एक पर्यटक बोतल से सड़क पर पानी डालते हुए गुटखे को साफ करता दिखाई दे रहा है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @rajulmc4672 नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और लाइक किया है। इस वीडियो को देखने के बाद कई लोगों ने नेपाली युवक की तारीफ की और कहा कि उसने सही किया, आखिर वह अपने देश के लिए जागरूक है। दूसरे ने लिखा, "सार्वजनिक जगहों को साफ रखना सभी की जिम्मेदारी है।"
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
