Viral Video: ऋषिकेश से एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इस वीडियो में एक महिला गंगा किनारे पूजा का कचरा फेंकती हुई नजर आ रही है, जिस पर एक विदेशी महिला ने अपनी आपत्ति जताते हुए फटकार लगाई।
गंगा नदी किनारे कचरा फेंकती नजर आई महिला (Instagram/@sierraliliann)
क्या है पूरा मामला?
इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @sierraliliann नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। वीडियो शेयर करने वाली विदेशी युवती सिएरा लिलियन ने बताया कि यह घटना ऋषिकेश के साई घाट की है। वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एक महिला गंगा नदी के किनारे रेत में गड्ढा खोदकर उसमें पूजा का कचरा और प्लास्टिक बैग डाल रही है।
ये भी पढ़ें: सोशल मीडिया पर छाई ये 'ऑटोवाली' लड़की, Video में ऐसा क्या है जो बार-बार देख रहे हैं लोग
सवाल उठाती नजर आई विदेशी महिला
वीडियो में सिएरा को आप यह कहते हुए सुन सकते हैं कि जिस गंगा मां की पूजा कर रही हो और फिर उन्हें ही बाद में गंदा भी कर रही हो। क्या फायदा ऐसे पूजा-पाठ का। आप देख सकते हैं कि सिएरा उस महिला को इस बीच कई बार टोकती है और उससे इस बारे में सवाल करती है लेकिन उसे उस महिला की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलता और वह महिला अपने काम में जुटी रहती है।
गंगा के सम्मान पर उठे सवाल
सिएरा ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा कि उन्हें भारत से बहुत प्यार है, लेकिन इस तरह की घटनाएं देखकर उन्हें बहुत निराशा होती है। सिएरा ने वीडियो शेयर करते हुए यह सवाल उठाया कि जब लोग गंगा मां की पूजा करने आते हैं, तो फिर उसी जगह को गंदा क्यों करते हैं? उन्होंने कहा कि यह काम सिर्फ यहां के बुजुर्ग ही नहीं बल्कि यहां के पढ़े-लिखे युवा भी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस शुरू हो गई है। कई लोग इस बात से सहमत हैं कि धार्मिक आस्था के साथ-साथ साफ-सफाई का ध्यान रखना भी जरूरी है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी कहा कि हमें अपने पर्यावरण और पवित्र स्थानों का सम्मान करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
