असम के नुमालीगढ़ इलाके से इंसान और वन्यजीवों के रिश्ते को दिखाने वाली एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है। यहां एक जंगली हाथी के गले में बड़ा सा टायर फंस गया था। यह टायर हाथी के लिए काफी खतरनाक बन गया था। वह ठीक से चल-फिर भी नहीं पा रहा था और उसकी जान पर खतरा मंडरा रहा था। हाथी की परेशानी का वीडियो (Video) सोशल मीडिया पर सामने आया तो लोगों की चिंता बढ़ गई। वीडियो में हाथी के गले में फंसा टायर साफ दिखाई दे रहा था। लोगों ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई की मांग की।
हाथी के गले में फंसा बड़ा टायर (X/@himantabiswa)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
सोशल मीडिया वीडियो पर पहुंची सरकार की नजर
बताया गया कि मामले की जानकारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा तक भी पहुंची। इसके बाद वन विभाग और वन्यजीव बचाव टीम ने हाथी को बचाने के लिए तेजी से काम शुरू किया। रेस्क्यू टीम के लिए यह आसान काम नहीं था। सामने एक जंगली हाथी था और उसके गले में भारी टायर फंसा हुआ था। जरा सी गलती हाथी या रेस्क्यू टीम, दोनों के लिए खतरनाक हो सकती थी।
सावधानी से निकाला गया टायर
टीम ने हाथी को सुरक्षित तरीके से संभाला और जरूरी प्रक्रिया के बाद उसके गले से टायर निकाल दिया। काफी मेहनत के बाद जब टायर बाहर आया तो हाथी को बड़ी राहत मिली। टायर निकलने के बाद हाथी को दोबारा आजाद तरीके से घूमते हुए देखा गया। बताया गया कि अब वह अपने झुंड के साथ भी जुड़ गया है।
CM ने कही दिल छू लेने वाली बात
इस पूरे रेस्क्यू के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा ने भी वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर बात कही। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस वायरल वीडियो (Viral Video) को शेयर करते हुए लिखाा, 'इंसान हो या जानवर, असम में किसी को भी पीड़ा में नहीं रहने दिया जाएगा।' हाथी को सुरक्षित बचाए जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोग रेस्क्यू टीम की तारीफ कर रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर दिखाया कि समय पर मदद और सही कोशिश से एक बेजुबान जानवर की जिंदगी बचाई जा सकती है।
