IIM Ahmedabad में पढ़ाई का तरीका हमेशा से थोड़ा अलग और खास माना जाता है। हाल ही में यहां के एक प्रोफेसर ने सांख्यिकी (Statistics) जैसे कठिन विषय को अपने छात्रों को सिखाने के लिए एक बेहद अनोखा तरीका अपनाया, जिसका वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
धुरंधर मूवी दिखाते हुए बच्चों को पढ़ाते प्रोफेसर (Instagram/@prakhar.vc)
सर ने कुछ इस तरह छात्रों को समझाए ये कठिन टॉपिक्स
वीडियो में देखा जा सकता है कि क्लास के दौरान प्रोफेसर ने धुरंधर (Dhurandhar) फिल्म का एक सीन दिखाया, जिसमें रणवीर सिंह (Ranveer Singh) का किरदार नजर आ रहा है। इस सीन को उन्होंने सीधे-सीधे पढ़ाई से जोड़ दिया और छात्रों को रिसर्च और सैंपलिंग के कॉन्सेप्ट समझाए। वीडियो में देखा गया कि फिल्म के एक डायलॉग “लियारी जीतो, पाकिस्तान जीतो” को प्रोफेसर ने क्लस्टर सैंपलिंग से जोड़ दिया। उन्होंने समझाया कि जैसे एक इलाके को समझकर पूरे देश के बारे में अंदाजा लगाया जा सकता है, वैसे ही रिसर्च में एक छोटे समूह से बड़ी जनसंख्या के बारे में निष्कर्ष निकाला जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
इस अनोखे तरीके से भारी-भरकम और बोरिंग सबजेक्ट को बनाया मजेदार
इसी तरह, फिल्म में दिखाए गए अलग-अलग गैंग्स को उन्होंने “स्तरीकरण” (Stratification) से जोड़कर समझाया। यानी जब किसी बड़ी आबादी को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग अध्ययन किया जाता है, तो परिणाम ज्यादा सटीक होते हैं। इस अनोखे तरीके से पढ़ाई करने पर छात्रों को मुश्किल विषय भी आसान लगने लगा। क्लास में फिल्म देखने से माहौल हल्का भी हो गया और पढ़ाई भी दिलचस्प बन गई।
प्रोफेसर के पढ़ाने का तरीका लोगों को खूब आया पसंद
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @prakhar.vc नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा और हजारों लोगों ने इसे लाइक किया है। इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों ने इस प्रोफेसर की जमकर तारीफ की। कई यूजर्स ने कहा कि अगर ऐसे तरीके से पढ़ाया जाए, तो कोई भी विषय बोरिंग नहीं लगेगा। वहीं कुछ ने इसे लर्निंग का नया और स्मार्ट तरीका बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
