सोशल मीडिया पर हर दिन कई तरह के वीडियो वायरल (Video Viral) होते हैं। कुछ वीडियो हंसाते हैं, तो कुछ ऐसे होते हैं जो हमारी आंखों में आंसुओं के सैलाब ला देते हैं। हाल में एक ऐसा ही इमोशनल वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसे देखने के बाद लोगों की आंखें नम हो गईं। इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया के लगभग सभी प्लेटफॉर्म पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट @ghantaa नामक पेज से लिया है। वीडियो के कैप्शन में सेना में भर्ती एक बेटे और उसके मृत पिता के अधूरे सपने के बारे में बताया गया है।
अग्निवीर सनी सिंह रावत ने दी पिता को अंतिम सलामी (Instagram/@ghantaa)
बेटे को सेना की वर्दी में देखने का था पिताजी का सपना
कैप्शन में बेहद ही भावुक कहानी बताई गई है। जहां राजस्थान के अजमेर के रहने वाले सनी सिंह रावत का सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना था लेकिन यह सपना सिर्फ उनका ही नहीं, बल्कि उनके पिता कृपाल सिंह रावत का भी था। वह हमेशा चाहते थे कि उनका बेटा सेना की वर्दी पहनकर देश की रक्षा करे। सनी की मेहनत रंग लाई और वह अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हो गए। परिवार के लिए यह गर्व का पल था लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंजूर था।
सेना की वर्दी में बेटे ने पिता को दी अंतिम विदाई
बताया जा रहा है कि ट्रेनिंग के दौरान ही सनी को यह दुखद खबर मिली कि उनके पिता का स्वास्थ्य खराब होने के कारण निधन हो गया है। यह खबर सुनते ही सनी छुट्टी लेकर घर पहुंचे। घर पहुंचने के बाद सनी ने जो किया, उसे देखकर हर किसी की आंखें भर आईं। उन्होंने भारतीय सेना की वर्दी पहनकर अपने पिता को अंतिम सलामी दी। जिस वर्दी में अपने बेटे को देखने का सपना उनके पिता ने वर्षों तक देखा था, उसी वर्दी में बेटे ने उन्हें अंतिम विदाई दी। यह पल वहां मौजूद हर व्यक्ति के लिए बेहद भावुक था। बेटे की आंखों में अपने पिता को खोने का दर्द था, लेकिन साथ ही यह संतोष भी था कि उसने अपने पिता का सबसे बड़ा सपना पूरा कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
वीडियो देख आपकी आंखों में भी आ जाएंगे आंसू
वायरल वीडियो (Viral Video) में यह देखा जा सकता है कि सनी के पिता की चिता सजाई गई है। गांव के लोग उनके पार्थिव शरीर को पकड़े हुए हैं और सनी सेना की वर्दी में अपने पिता को अंतिम बार सलामी दे रहे हैं। सलामी देने के बाद सनी बेहद ही भावुक हो जाते हैं और तुरंत अपने पिता के गले से लिपटकर रोने लगते हैं। यह देख वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें भर आईं और लोग रोने लगे। अपने पिता को दी गई अंतिम विदाई का यह वीडियो देख यकीनन आपकी आंखों में भी पानी आ जाएगा।
वीडियो देख लोग हुए भावुक
इस घटना का वीडियो (Video) इस वक्त सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को अब तक लाखों लोगों ने देखा और शेयर किया है। वीडियो देखने के बाद लोग भावुक हो रहे हैं और सनी सिंह रावत के साहस, समर्पण और पिता के प्रति उनके प्रेम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि एक पिता के लिए इससे बड़ा गर्व क्या हो सकता है कि उसका बेटा देश की सेवा के लिए सेना में शामिल हो। वहीं कुछ यूजर्स ने इसे सबसे भावुक विदाई बताया।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
