सोशल मीडिया (Social Media) पर आए दिन कई ऐसे वीडियो सामने आते हैं, जिन्हें देखकर अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। इन दिनों ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल (Video Viral) हो रहा है। इसमें समुद्र के ऊपर एक बड़ा मालवाहक जहाज हवा में तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। पहली नजर में ऐसा लगता है, जैसे जहाज पानी के ऊपर नहीं, बल्कि आसमान में उड़ रहा हो। इस अनोखे नजारे को देखकर लोग हैरान हैं और इसके पीछे की वजह जानना चाहते हैं।
UAE के अजमान बीच पर समुद्र के ऊपर हवा में तैरता नजर आया विशाल मालवाहक जहाज। (X/@Darshanbihar05)
कहां का है यह Video
यह वीडियो संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अजमान बीच का बताया जा रहा है। इसे केरल के कोझिकोड के रहने वाले फोटोग्राफर जसील पेरालास्सेरी ने अपने कैमरे में कैद किया है। जसील अजमान बीच पर घूमने गए थे। इसी दौरान उनकी नजर समुद्र में दूर मौजूद एक बड़े मालवाहक जहाज पर पड़ी। जहाज कुछ इस तरह दिखाई दे रहा था, मानो वह हवा में तैर रहा हो। जसील ने बिना देर किए इस नजारे को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से हो रहा वायरल
इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर तमाम अकाउंट्स से शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो को @Darshanbihar05 नाम के अकाउंट से लिया है। बताया जा रहा है कि पोस्ट किए जाने के महज 20 घंटे के अंदर इसे 3.1 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया। लोग वीडियो को देखकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोगों के लिए यह किसी जादू से कम नहीं है।
केरल के फोटोग्राफर ने कैमरे में कैद किया हैरान करने वाला यह नजारा
UAE के अजमान बीच पर घूमने गए केरल के कोझिकोड (Kozhikode, Kerla) के जसील पेरालास्सेरी ने इस वीडियो को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग हैरान रह गए। वीडियो में एक बड़ा मालवाहक जहाज हवा में तैरता नजर आ रहा है। इस वीडियो को सिर्फ 20 घंटे में 3.1 करोड़ बार देखा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
आखिर हवा में कैसे तैरने लगता है जहाज?
दरअसल, वीडियो (Video) में दिखाई दे रहा यह नजारा कोई जादू या एडिटिंग नहीं, बल्कि एक खास प्राकृतिक घटना है। इसे विज्ञान की भाषा में 'सुपीरियर मिराज' (Superior Mirage) कहा जाता है। यह एक तरह का ऑप्टिकल इल्यूजन यानी आंखों को धोखा देने वाला नजारा है। आमतौर पर समुद्र के पास हवा की अलग-अलग परतों का तापमान अलग होता है। कई बार समुद्र की सतह के पास ठंडी हवा और उसके ऊपर गर्म हवा की परत बन जाती है। इसे तापमान उलटाव यानी टेम्परेचर इनवर्जन कहा जाता है। ऐसी स्थिति में प्रकाश की किरणें सामान्य रास्ते पर चलने के बजाय मुड़ जाती हैं। जब दूर मौजूद किसी जहाज से आने वाली रोशनी इस तरह की अलग-अलग तापमान वाली हवा की परतों से गुजरती है, तो उसकी तस्वीर आंखों तक एक बदली हुई दिशा से पहुंचती है। इसी वजह से जहाज अपनी असली जगह से काफी ऊपर दिखाई देने लगता है। देखने वाले को ऐसा महसूस होता है, जैसे जहाज समुद्र के ऊपर हवा में लटका हुआ है।
