Viral Video: रेड लाइट जंप की तो खैर नहीं! पुलिस ने सड़क पर उतारा ‘गोरिल्ला’, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को सिखाया सबक

Viral Video: इंदौर के पलासिया चौराहे पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों और सिग्नल जंप करने वालों को जागरूक करने के ट्रैफिक पुलिस ने गोरिल्ला कॉस्ट्यूम पहनाकर एक शख्स को सड़क पर उतारा। ये 'गोरिल्ला' गाड़ियों को जेब्रा क्रॉसिंग से पीछे धकेलता है, लोगों को सड़क पार कराता है और ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर ट्रैफिक संभालता है।

Viral Video: देश का सबसे स्वच्छ शहर इंदौर अक्सर अपने अनोखे और नए विचारों के लिए जाना जाता है। इस बार इंदौर ट्रैफिक पुलिस (Traffic Police) ने ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए एक बेहद मनोरंजक और अलग रास्ता चुना है। शहर के पलासिया चौराहे पर अचानक एक 'गोरिल्ला' दिखा, जिसने चालकों को सिग्नल पर रुकने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने का संदेश दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इतना ही नहीं लोग इस पहल की जमकर तारीफ भी कर रहे हैं।

    अक्सर देखा जाता है कि लोग ट्रैफिक सिग्नल पर जेब्रा क्रॉसिंग के ऊपर या आगे गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। इस समस्या से निपटने के लिए पुलिस ने एक व्यक्ति को गोरिल्ला के कॉस्ट्यूम में सड़क पर उतारा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जब एक कार चालक सिग्नल पर रुकने के बजाय आगे बढ़ने की कोशिश करता है, तो विशालकाय गोरिल्ला दौड़कर कार के सामने आ जाता है और हाथों से धक्का देकर कार को पीछे धकेलता है। गोरिल्ला का यह तरीका देखकर चालक भी मुस्कुराते हुए गाड़ी रोक लेता है। इस वीडियो में सिर्फ गाड़ियों को रोकना ही नहीं, बल्कि गोरिल्ला का फ्रेंडली अंदाज भी दिखा। वह सड़क पार कर रहे राहगीरों का हाथ पकड़कर उन्हें सुरक्षित जेब्रा क्रॉसिंग से रोड क्रॉस करवाता नजर आता है। साथ ही, वह ऑन-ड्यूटी ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों से हाथ मिलाता और उनके साथ तालमेल बिठाकर ट्रैफिक कंट्रोल करने में मदद करता दिखा। देखें वीडियो...

    ट्रैफिक पुलिस का अनोखा अभियान

    इंदौर पुलिस के इस फनी और क्रिएटिव अभियान को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है। इतना ही नहीं यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को Akhilesh_mpyc नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो पर यूजर्स जमकर रिएक्शन भी दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि इंदौर पुलिस हमेशा कुछ न कुछ नया और हटकर करती है, यह तरीका सचमुच मजेदार है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि अब फाइन से ज्यादा गोरिल्ला के खौफ से लोग रेड लाइट पर गाड़ियां रोकेंगे। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    End Article
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में...

    End of Feed