8 billionth person in the world: दुनिया की आबादी आज 8 अरब हो गई है। संयुक्त राष्ट्र का वह पूर्वानुमान सच साबित हुआ कि नवंबर के मध्य तक वैश्विक आबादी 8 अरब पहुंच जाएगी। फिलीपींस की राजधानी मनीला में आज सुबह एक बेबी गर्ल ने जन्म लिया। जिसके बाद दावा किया जा रहा है कि यही 800 करोड़वां बच्चा है। इस बच्ची का नाम 'विनिस माबनसाग' रखा गया है। अपनी बच्ची के जन्म पर मां 'मारिया मार्गरेट विलोरेंट' बहुत खुश हैं। उनकी बेटी दुनिया का '800वां करोड़ बच्चा' बनी तो मां ने कहा कि यह उनके लिए आशीर्वाद जैसा है।
8वां अरब बच्चा
नॉर्मल डिलीवरी से हुई पैदा
जनसंख्या और विकास आयोग (POPCOM) के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी लिनेथ थेरेसी मोनसाल्वे ने 800वें करोड़ बच्चे के पैदा होने पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विनिस भविष्य में विकास का रोल मॉडल बनेंगी। बता दें कि विनिस का जन्म नॉर्मल डिलीवरी से हुआ है। वह रात में तकरीबन 01 बजकर 29 मिनट पर पैदा हुई हैं। जिस अस्पताल में विनिस पैदा हुई हैं। उसके मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रोमियो बिटुइन ने बताया कि उन्होंने दुनिया के 8 अरबवें बच्चे को देखा है। रात 11 बजे से करीब दो घंटे उन्होंने बच्चे का इंतजार किया।
2100 तक 10 मिलियन पार कर जाएगी दुनिया की आबादी!
POPCOM की रिपोर्ट के अनुसार, फिलीपींस में जनसंख्या 1.9 प्रजनन दर के साथ धीमी गति से बढ़ रही है। वहां एक मां दो से कम बच्चों को जन्म देती है। साल 2017 में फिलीपींस का प्रजनन दर 2.7 था। यूनाइटेड नेशन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, साल 2030 में दुनिया की आबादी लगभग 8.5 बिलियन को पार कर जाएगी। वहीं साल 2050 में दुनिया की आबादी 9.7 बिलियन पर पहुंचने का अनुमान है। साल 2100 में दुनियाभर में 10.4 बिलियन लोगों के होने की संभावना है।
