VIDEO: भाई ने जलेबी बनाई, बहन खाए...शिवराज सिंह चौहान ने खुद तलीं जलेबियां, 'लखपति दीदी' को दिया करोड़पति बनने का आशीर्वाद

Viral Video: केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक बेहद आत्मीय और मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। 'लखपति दीदी' के एक फूड स्टॉल पर पहुंचे शिवराज सिंह चौहान ने न केवल खुद कढ़ाही में करारी जलेबियां तलीं, बल्कि उन्हें चाशनी में डुबोकर वहां मौजूद महिला उद्यमी और अधिकारियों को खिलाया।

Viral Video: अपने सहज, सरल और आमजन से सीधे जुड़ जाने वाले अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 'लखपति दीदी' पहल से जुड़ी महिला उद्यमियों के एक स्टॉल पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने न केवल उनका उत्साहवर्धन किया, बल्कि खुद कढ़ाही के सामने खड़े होकर गरमागरम जलेबियां भी तलीं। पारंपरिक पहाड़ी टोपी और खूबसूरत शॉल ओढ़े शिवराज सिंह चौहान जब 'लखपति दीदी' के फूड स्टॉल पर पहुंचे, तो वहां का माहौल एकदम उत्सव जैसा हो गया।

viral video

शिवराज सिंह ने खुद बनाई जलेबी (तस्वीर साभार- @ChouhanShivraj)

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि केंद्रीय मंत्री बेहद सधे हुए हाथों से कपड़े की पोटली पकड़ते हैं और खौलते तेल की कढ़ाही में गोल-गोल जलेबियां उतारने लगते हैं। इतना ही नहीं, वे चिमटे की मदद से जलेबियों को पलटते हैं और सुनहरी होने पर उन्हें चाशनी के बर्तन में डुबोते हैं। वहां मौजूद महिला उद्यमी से हंसते हुए पूछते हैं कि जलेबियां ठीक से पक रही हैं या नहीं। जलेबियां तैयार होने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने पहले वहां मौजूद अधिकारियों को अपने हाथों से जलेबी परोसी और फिर एक प्लेट स्टॉल संचालक महिला उद्यमी की ओर बढ़ाई। प्लेट देते हुए उन्होंने बेहद आत्मीय अंदाज में कहा कि भाई ने जलेबी बनाई, बहन खाए। लखपति तो बन गई है, अब करोड़पति भी बन जाए, यही शुभकामना है। केंद्रीय मंत्री के मुंह से यह बात सुनकर वहां मौजूद महिला उद्यमी और अन्य लोगों के चेहरे खिल उठे। यह पल न केवल महिला सशक्तिकरण के संदेश को मजबूती देता दिखा, बल्कि एक जनप्रतिनिधि और आम नागरिक के बीच के पारिवारिक रिश्ते को भी बखूबी दर्शाता है। देखें वीडियो...

End of Feed