बच्चों को पढ़ाना आसान काम नहीं है। खासकर साइंस जैसे विषय में कई ऐसे कॉन्सेप्ट होते हैं, जिन्हें किताब में पढ़कर समझना बच्चों के लिए थोड़ा मुश्किल हो जाता है लेकिन अगर उसी चीज को प्रयोग करके अपनी आंखों के सामने दिखा दिया जाए, तो उसे समझना काफी आसान हो जाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इसी बात का शानदार उदाहरण है।
क्लास में बच्चों को साइंस का कॉन्सेप्ट समझाती टीचर (Instagram/@nidhi4046)
जब क्लास बनी साइंस लैब
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि एक साइंस टीचर बच्चों को 'रिफ्लेक्शन ऑफ लाइट' यानी प्रकाश का परावर्तन समझाती नजर आ रही हैं लेकिन उनका पढ़ाने का तरीका बिल्कुल अलग है। उन्होंने सिर्फ बोर्ड पर डायग्राम बनाकर बच्चों को समझाने के बजाय एक छोटा-सा एक्सपेरिमेंट करके पूरा कॉन्सेप्ट समझाया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
अंधेरा किया और शुरू हुआ साइंस का कमाल
वीडियो (Video) में आप देख सकते हैं कि टीचर सबसे पहले क्लासरूम की लाइट बंद कर देती हैं। कमरे में अंधेरा होने के बाद वह एक शीशे और लेजर बीम की मदद से बच्चों को 'रिफ्लेक्शन ऑफ लाइट' यानी प्रकाश के परावर्तन का पूरा तरीका समझाती हैं। जब लेजर की रोशनी शीशे की सतह पर पड़ती है, तो वह दूसरी दिशा में वापस जाती हुई दिखाई देती है। बच्चों को यह प्रक्रिया और साफ दिखाई दे, इसके लिए हवा में पाउडर का इस्तेमाल किया गया। इससे लेजर बीम का रास्ता भी साफ नजर आने लगता है। यानी बच्चों को सिर्फ यह नहीं बताया गया कि रोशनी शीशे से टकराकर वापस आती है, बल्कि उन्होंने इसे अपनी आंखों के सामने होते हुए भी देखा।
बच्चों के लिए याद रखना हुआ आसान
दरअसल, पढ़ाई में प्रैक्टिकल का अपना अलग महत्व होता है। जब कोई चीज सिर्फ किताब में पढ़ाई जाती है, तो बच्चे उसे कुछ समय बाद भूल सकते हैं लेकिन जब उसी कॉन्सेप्ट को प्रयोग के जरिए समझाया जाता है, तो वह बात लंबे समय तक याद रहती है। इस टीचर ने भी कुछ ऐसा ही किया। उन्होंने एक मुश्किल लगने वाले साइंस कॉन्सेप्ट को बेहद आसान और दिलचस्प बना दिया। यही वजह है कि वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है।
वीडियो देख लोगों ने कहा- पढ़ाई ऐसी ही होनी चाहिए
इस वायरल वीडियो (Viral Video) को सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किया जा रहा है। हमने यह वीडियो इंस्टाग्राम से @nidhi4046 नाम के यूजर के अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक 1 करोड़ से भी ज्यादा लोगों ने देखा और 15 लाख लोगों ने इसे लाइक किया है। वीडियो देखने वाले लोग टीचर के इस तरह पढाने के अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि अगर बच्चों को इसी तरह पढ़ाया जाए तो पढ़ाई उनके लिए बोझ नहीं, बल्कि मजेदार अनुभव बन सकती है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
