सोशल मीडिया पर एक वीडियो (video) इस वक्त काफी तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक छोटे से बच्चे को कुत्ता नोंच रहा है। तभी उस छोटे बच्चे का बड़ा भाई अपने भाई को बचाने के लिए सुपरमैन की तरह पहली मंजिल की छत से सीधे नीचे छलांग लगा देता है। पहली मंजिल से नीचे कूदने के बाद वह कुत्ते को मारकर वहां से भगाता है। सबसे हैरानी वाली बात तो यह है कि बड़ा भाई भी मुश्किल से 14-15 साल का होगा और उसने अपने छोटे भाई को बचाने के लिए ऐसी हिम्मत दिखाई कि देखने वाले दंग रह गए।
कुत्ते को भगाता बड़ा भाई (Instagram/@nvu_india)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
भाई हो तो ऐसा! जान की परवाह किए बिना पहली मंजिल से लगाई छलांग
भाइयों का यह वीडियो घर में लगे CCTV में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर जमककर वायरल हो रही है। वायरल हो रहा यह वीडियो (Viral Video) केरल के मलप्पुरम का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि करीब 6 साल का एक छोटा बच्चा अपने घर के बाहर आंगन में खेल रहा होता है। तभी अचानक एक आवारा कुत्ता उसकी तरफ दौड़कर उस पर झपट पड़ता है। ऐसे में वह बच्चा घबरा जाता है और जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगता है।
लोग बड़े भाई की हिम्मत की खूब कर रहे तारीफ
बच्चे की आवाज सुनते ही पहली मंजिल की बालकनी में खड़ा उसका बड़ा भाई बिना एक पल गंवाए नीचे कूद जाता है। उसने यह भी नहीं सोचा कि इतनी ऊंचाई से कूदने पर उसे खुद चोट लग सकती है। उस वक्त उसका सिर्फ एक ही मकसद था और वह है अपने छोटे भाई की रक्षा करना। जमीन पर उतरते ही बड़ा भाई तेजी से कुत्ते की तरफ दौड़ता है और उसे मारकर वहां से भगाता है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोग बड़े भाई की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि "असल सुपरहीरो ऐसे ही होते हैं, जो बिना अपनी जान की परवाह किए अपनों की रक्षा करते हैं।" वहीं कुछ लोगों ने कहा कि भाई का रिश्ता दुनिया के सबसे मजबूत रिश्तों में से एक होता है और किसी ने सही ही कहा है कि भाई अपने दूसरे भाइयों के लिए उनकी भुजाबल होते हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
