Diamond Eye Video: लोगों को अपने दांतों में सोना-चांदी चढ़वाते देखा होगा आपने, लेकिन क्या आप इस बात पर यकीन करेंगे कि कोई शख्स अपनी आंखों में हीरा जड़वा लेगा? यह बात सुनकर ही अपनी कल्पना से बाहर की चीज लग रही है, लेकिन यह सच है। एक शख्स ने अपनी एक आंख में हीरा जड़वा लिया है। आइए जानते हैं आंख में हीरे की चमक लिए घूम रहे इस शख्स के बारे में।
शख्स की आंखों में जड़ा हीरा (Instagram/@_jonesjewelryco_)
हीरे वाली आंख का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सोशल मीडिया पर एक शख्स का वीडियो इन दिनों तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि शख्स ने अपनी एक आंख में हीरा जड़वा रखा है। शख्स अपनी हीरे वाली आंख को कैमरे के सामने दिखा भी रहा है। इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @_jonesjewelryco_ नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है।
कीमत इतनी कि हम सोच भी नहीं सकते
आंख में हीरा जड़वाने वाले इस शख्स के वीडियो पर कई इंटरनेशनल मीडिया हाउस ने भी आर्टिकल लिखे हैं। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, वीडियो में दिखने वाले शख्स का नाम स्लेटर जोन्स है। शख्स अमेरिका के अलबामा का रहने वाला है। उसने अपनी एक कृत्रिम आंख में दो कैरेट का हीरा जड़वाया हुआ है, जिसकी कीमत करीब 20 लाख डॉलर (लगभग 1.45 मिलियन पाउंड) बताई जा रही है। अगर आज की तारीख में भारतीय रुपयों में बात करें तो इसकी कीमत करीब 16 करोड़ 95 लाख रुपए होगी। स्लेटर की इस अनोखी आंख को देखने के बाद लोग उसकी तुलना किसी जेम्स बॉन्ड की मूवी के विलेन से कर रहे हैं।
शख्स ने क्यों किया ऐसा?
बता दें कि स्लेटर जब 17 साल के थे तभी उनकी दाईं आंख टोक्सोप्लाज्मोसिस नामक संक्रमण के कारण खराब हो गई थी। पहले उनकी इस आंख की रोशनी धीरे-धीरे कम हुई, फिर एक समय आया जब उन्हें अपनी दाईं आंख से दिखना बंद हो गया। इसके लिए उन्होंने कई सर्जरी करवाई, लेकिन उनकी आंख को नहीं बचाया जा सका और आखिरकार उसे निकालना पड़ा। अपनी दाईं आंख खोने के बाद स्लेटर ने इस नुकसान को एक अच्छी और पॉजिटिव चीज में बदल डाला, जिससे आज उन्हें एक नई पहचान मिल गई है।
डायमंड आई बनाने वाले एक्सपर्ट ने क्या कहा?
स्लेटर एक ज्वेलरी डिजाइनर हैं, और उन्होंने अपने करियर को ध्यान में रखते हुए यह फैसला किया कि वे अपनी कृत्रिम आंख को कुछ खास बनाएंगे। इसके लिए उन्होंने प्रोस्थेटिक एक्सपर्ट जॉन इम के साथ मिलकर एक ऐसी आंख डिजाइन की, जिसमें हीरे से बनी आइरिस है जो रोशनी में खूब चमकती है। जॉन इम कहते हैं कि उन्होंने अपने 32 साल के करियर में करीब 10,000 कृत्रिम आंखें बनाईं, लेकिन यह आंख अब तक की सबसे महंगी आंख है। उन्होंने हीरे के दो कैरेट होने के पीछे का कारण भी बताया। उन्होंने कहा कि दो कैरेट का हीरा इसलिए चुना गया क्योंकि इससे बड़ा हीरा आंख में फिट नहीं हो सकता था। स्लेटर अब खुद को "डायमंड आई" कहते हैं और अपनी इस अनोखी एक्सेसरी को अपने ज्वेलरी बिजनेस का हिस्सा बना रहे हैं।
