Ajab Gajab News: किसी ने सच ही कहा है कि 'मंजिल उन्हीं को मिलती है जिनके कदमों में जान होती है। पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है।' इस कहावत को एक भारतीय लड़की ने ऐसा चरितार्थ किया, जिसे दुनिया देखती रह गई। भारतीय धावक सूफिया सूफी ने साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत से ऊंचे से ऊंचा मुकाम आसानी से हासिल किया जा सकता है। सूफिया सूफी ने हिमालय की दुर्गम ऊंचाइयों पर दौड़कर ऐसा इतिहास रचा, जिसे जानकर शायद दुनिया के सबसे बड़े धावक उसैन बोल्ट भी हैरान रह जाएंगे।
सूफिया सूफी (इंस्टाग्राम)
भारतीय लड़की की अनोखी सफलता
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने हाल ही में सूफिया को एक प्रमाणपत्र दिया है। हालांकि, उन्होंने हैरान करने वाला कारनामा दो साल पहले ही किया था। साल 2023 में सूफिया ने मनाली से लेह तक की बेहद चुनौतीपूर्ण हाई-एल्टीट्यूड दूरी को मात्र 98 घंटे 27 मिनट में पूरा कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाकर सबको हैरान कर दिया था। उन्होंने तकरीबन 480 किलोमीटर की दौड़ में हिमालय के पांच ऊंचे पर्वतीय दर्रे पार किए। इसके साथ ही 8,500 मीटर से अधिक ऊंचाई भी तय की। इससे पहले कोई भी महिला रनर इस मार्ग को इतनी तेजी से पार नहीं कर पाई थी। इसलिए यह उपलब्धि ऐतिहासिक मानी जाती है।
हालांकि, सूफिया को उस समय गिनीज वर्ल्ड की तरफ से आधिकारिक सर्टिफिकेट नहीं मिला था। जो दो साल बाद उनके पास पहुंचा। इसके बाद सूफिया ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने सर्टिफिकेट के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, 'प्रमाणपत्र अब जाकर उनके घर पहुंचा है।' सूफिया ने अपनी पोस्ट में उपलब्धि पर गर्व जताते हुए अपने सभी स्पॉन्सर्स, सहयोगियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने लिखा कि हर उस शख्स का आभार जिसने इस कठिन सफर में उनका समर्थन किया। सूफिया सूफी की यह सफलता सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि हिम्मत, धैर्य और आत्मविश्वास की मिसाल है।
